धर्मपुर में एक बूथ, दस महिला का लक्ष्य पूरा : वंदना
सहयोगी, धर्मपुर : उपमंडल में चल रहे दो दिवसीय प्रदेश महिला मोर्चा सम्मेलन में स्थानीय महिलाओं की भार
सहयोगी, धर्मपुर : उपमंडल में चल रहे दो दिवसीय प्रदेश महिला मोर्चा सम्मेलन में स्थानीय महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ने से दिग्गजों के चेहरे पर चमक आ गई। पूर्व मंत्री एवं स्थानीय विधायक के जन्मदिवस पर आयोजित किए गए महिला सम्मेलन की शुरुआत मोर्चा की मीडिया प्रभारी वंदना गुलेरिया ने की। उन्होंने बताया कि धर्मपुर में एक बूथ, दस महिलाओं के लक्ष्य को पूरा कर लिया गया है। इस मौके पर स्थानीय विधायक महेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यातिथि सांसद रामस्वरूप शर्मा ने सबको धरातल की राजनीति सीखा डाली है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं का उन्हें छह बार समर्थन देने पर आभार व्यक्त किया। कहा कि गत चार वर्ष धर्मपुर के लिए बेहद कठिन रहे। आपदाओं ने पचास मकान और गौशालाएं छीन लीं, लेकिन प्रदेश सरकार ने प्रभावितों की सुध नहीं ली। भारतीय जनता महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष इंदु गोस्वामी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की ओर से विभिन्न विकास योजनाओं के लिए दिया गया पैसा खर्च नहीं किया जा रहा तथा केंद्रीय योजनाओं को बदला जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे विश्व में देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने 68 वर्ष में भ्रष्टाचार और अवमूल्यन को बढ़ावा दिया है। इंदु गोस्वामी ने बताया कि नोटबंदी को लेकर जनता ने कांग्रेस का साथ नहीं दिया। वहीं, धर्मशाला को प्रदेश की दूसरी राजधानी बनाए जाने को चुनावी शगूफा करार दिया।
सांसद रामस्वरूप शर्मा ने विधायक को कर्मयोगी करार दिया। कहा कि उन्होंने लोक निर्माण मंत्री के रूप में समूचे प्रदेश में समान विकास किया तथा कई उल्लेखनीय कार्य किए। सांसद ने कांग्रेस पर लुटेरों को महान साबित करने और देशभक्तों को हत्यारा साबित करने वाली पार्टी करार दिया। इस अवसर पर भारतीय जनता महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रश्मि धर सूद, मीडिया प्रभारी वंदना गुलेरिया, महामंत्री धनेश्वरी ठाकुर, भाजयुमो के प्रांतीय महामंत्री रजत ठाकुर, प्रेम चौहान, विस प्रभारी अंजू और दर्शन सैनी आदि मौजूद रहे।