मांगों के समर्थन में सरकार के खिलाफ उतरे युवा
सहयोगी, पद्धर : उपमंडल पद्धर की विभिन्न समस्याओं को लेकर युवा शक्ति संगठन ने शनिवार को अंबेदकर भव
सहयोगी, पद्धर : उपमंडल पद्धर की विभिन्न समस्याओं को लेकर युवा शक्ति संगठन ने शनिवार को अंबेदकर भवन में बैठक की। इसमें सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक के बाद संगठन ने पद्धर बाजार में रैली निकलते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और बस स्टैंड पर जनसभा की।
इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष गिरधारी लाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं भड़वाहन पंचायत के प्रधान कमांडो जितेंद्र कुमार तथा मुख्य सलाहकार व पूर्व जिला परिषद सदस्य रविकांत ने कहा कि 2015 में युवा शक्ति संगठन ने लोक निर्माण विभाग का मंडल कार्यलय जोकि पद्धर से मंडी शिफ्ट किया गया है उसकी वापसी तथा क्षेत्र की अन्य मांगों को लेकर 18 दिन की भूख हड़ताल और सात दिन का आमरण अनशन किया था, जिसे प्रशासन ने जबरन तुड़वाया था। उन्हीं मांगों को लेकर युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष गिरधारी लाल शनिवार से दोबारा आमरण अनशन पर बैठ गया है। उनके आमरण अनशन में पहले दिन उपमंडल के 30 से अधिक महिला मंडल व युवक मंडल तथा विभिन्न सामाजिक संगठन तथा व्यापार मंडल के सदस्यों ने हिस्सा लिया। युवा शक्ति संगठन ने प्रदेश सरकार को उपमंडल की विभिन्न समस्याओं को लेकर कई बार ज्ञापन भी दिए और युवा शक्ति संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से भी धर्मशाला में मिला था लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। मजबूरन संगठन को दोबारा संघर्ष का रास्ता अख्तियार करना पड़ा है।
संगठन ने मांग की कि लोक निर्माण विभाग का मंडल कार्यलय शीघ्र पद्धर में स्थापित किया जाए, सिविल अस्पताल में बंद पड़ी अल्ट्रासाउंड एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र शुरू किया जाए। उपमंडल के सभी गांव को सड़क सुविधा से जोड़ा जाए।
इस मौके पर संगठन के सचिव अजय चौहान, उपाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, सलाहकार कमल चौहान, कोषाध्यक्ष संतोष कुमार सहित सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।