मांगें पूरी होने पर किया जाएगा महासम्मेलन
सहयोगी, पद्धर : संयुक्त ग्रामीण राजस्व अधिकारी एवं कानूनगो संघ हिमाचल प्रदेश ने लंबित मांगों को सरका
सहयोगी, पद्धर : संयुक्त ग्रामीण राजस्व अधिकारी एवं कानूनगो संघ हिमाचल प्रदेश ने लंबित मांगों को सरकार से मनवाने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। इस कड़ी में संघ की राज्य स्तरीय दो बैठकें मंडी में राजस्व मंत्री, अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व), निदेशक भू-अभिलेख एवं मंडलायुक्त मंडी के साथ एक सप्ताह के अंतराल में सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। इससे संघ उत्साहित हुआ है। महासचिव लेख राज शर्मा ने कहा कि संघ की प्रमुख मांगों में चार से छह पटवार वृत्तों पर एक कानूनगो का पद सृजित करने, कानूनगो का नायब तहसीलदार के लिए पदोन्नति कोटा साठ से अस्सी प्रतिशत करना प्रमुख है। उन्होंने कहा कि आज तक संघ के अधिकारों का हनन होता रहा है, जिसे चुपचाप सहन किया गया। अब किसी भी सूरत में अन्याय सहन नहीं किया जाएगा। इसके लिए संघ अब न्यायलय जाने से भी गुरेज नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार दोनों प्रमुख मांगों की अधिसूचना जारी करती है तो संघ सरकार का धन्यवाद करने के लिए राज्य स्तरीय विशाल महासम्मेलन करने का विचार कर रहा है। इसके लिए संघ ने फिर से सरकार से लंबित मांगों को पूरा करने का आग्रह किया है।