Move to Jagran APP

मंडी में सेना भर्ती के दौरान पकड़ा फर्जी लांस नायक

जागरण संवाददाता, मंडी : मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में चल रही सेना की खुली भर्ती में एक फर्जी लांस

By Edited By: Published: Thu, 08 Oct 2015 01:15 AM (IST)Updated: Thu, 08 Oct 2015 01:15 AM (IST)
मंडी में सेना भर्ती के दौरान पकड़ा फर्जी लांस नायक

जागरण संवाददाता, मंडी : मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में चल रही सेना की खुली भर्ती में एक फर्जी लांस नायक पकड़ा गया है। सेना के अधिकारियों ने पूछताछ के बाद आरोपी को मंडी पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। सेना के अधिकारियों का शक तब गहरा गया जब उसे पूछताछ के लिए बुलाया और उसने अजीब ढं़ग से शेल्यूट किया।

loksabha election banner

आरोपी शिव कुमार पुत्र वेद कुमार जंडुला मुकेरियां (होशियारपुर) पंजाब का रहने वाला है। पुलिस ने शिव कुमार के विरुद्ध धोखाधड़ी, फर्जी पहचानपत्र बनाने व सैनिक बनने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसे पुलिस रिमांड पर लेने के लिए वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा। आरोपी से सेना का एक फर्जी पहचानपत्र, दस्तावेज व आधारकार्ड बरामद हुआ है। शिव कुमार ने दो दिन से पड्डल मैदान में डेरा डाल रखा था।

बुधवार सुबह भर्ती प्रक्रिया में लगे सेना के अधिकारियों को शिव कुमार की गतिविधियों पर कुछ शक हुआ तो उन्होंने उससे पूछताछ की। जांच में पहचानपत्र फर्जी पाया गया। इसके बाद सेना ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

सेना भर्ती कार्यालय मंडी का भर्ती प्रक्रिया में सहयोग के लिए पालमपुर से 20 सैन्य अधिकारी व 120 के करीब जवान आए हैं। भर्ती स्थल पर छह सीसीटीवी कैमरा लगाए गए हैं। शिव कुमार ने सेना की वर्दी पहन रखी थी और नाम पट्टिका पर नीचे लांस नायक पदनाम अंकित करवा रखा था। आरोपी से मिले पहचानपत्र पर उसका सिपाही रैंक लिखा गया है। शिव कुमार खुद को आर्मी सप्लाई कोर का जवान बता रहा था।

भर्ती स्थल में भर्ती प्रक्रिया में लगे सैन्य कर्मियों, अधिकारियों व युवाओं के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं है। इन्हें भी प्रवेश पहचानपत्र दिखाने के बाद मिल रहा है। ऐसे में शिव कुमार कैसे भर्ती स्थल में प्रवेश करता रहा, यह भी बड़ा सवाल है।

प्रारंभिक जांच में शिव कुमार ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी नाचन हलके के मौवीसेरी में हुई है। वह अपने साले को भर्ती करवाने के लिए आया था। शिव कुमार प्लंबर का काम करता है। उसके बैग से लोहे के औजार भी बरामद हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक मंडी प्रेम कुमार ठाकुर ने फर्जी लांस नायक बने शिव कुमार को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपी से पूछताछ के बाद शीघ्र ही सच्चाई सामने आएगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.