बेटियों ने लगाया बाप पर संपत्ति हड़पने का आरोप
जागरण संवाददाता, मंडी : सराकाघाट उपमंडल के चौक गांव की दो लड़कियों ने अपने पिता पर फर्जी तरीके से बुज
जागरण संवाददाता, मंडी : सराकाघाट उपमंडल के चौक गांव की दो लड़कियों ने अपने पिता पर फर्जी तरीके से बुजुर्गो की संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया है। उन्होंने पिता पर फर्जी तरीके से अनुसूचित जनजाति का प्रमाणपत्र बनाने की शिकायत दर्ज करवाई है। सरकाघाट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी व फर्जी दस्तावेज तैयार करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चौक गांव की आरती ने अपने पिता जितेंद्र कुमार पर आरोप लगाया है कि उसका व उसकी बहन का पंचायत में परिवार रजिस्ट्रर से फर्जी तरीके से नाम कटवा दिया गया। जितेंद्र कुमार ने दो शादियां कर रखी हैं। पहली पत्नी की दो बेटियां हैं तथा दूसरी के दो बेटे। पहली पत्नी का निधन हो चुका है। दो लड़कियां अभी पढ़ाई कर रही हैं। बकौल, आरती सौतेली मां के बहकावे में आकर उनका पिता न तो पढ़ाई के लिए खर्च दे रहा है और न ही उनकी ठीक से परवरिश हो रही है। बुजुर्गो की संपत्ति से दोनों को नियमानुसार हिस्सा न मिल जाए, उनके पिता ने परिवार रजिस्ट्रर से ही उनके नाम कटवा दिए। आरती का आरोप है कि उसका पिता सामान्य वर्ग से हैं जबकि फर्जी तरीके से अनुसूचित जनजाति का प्रणामपत्र बनवा रखा है। जितेंद्र कुमार सरकारी नौकरी करता है।
पुलिस अधीक्षक मंडी मोहित चावला ने आरती के शिकायत पर जितेंद्र कुमार के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला पुलिस थाना सरकाघाट में दर्ज किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले से जुड़े रिकॉर्ड की छानबीन कर रही है। आरोपी को पूछताछ के लिए शीघ्र हिरासत में लिया जाएगा।