निमंत्रण पत्र ने देने पर उखड़े पार्षद
संवाद सहयोगी, सुंदरनगर : राज्यस्तरीय नलवाड़ मेला एवं पारंपरिक देवता मेले के दौरान प्रशासन ने नगर परिष
संवाद सहयोगी, सुंदरनगर : राज्यस्तरीय नलवाड़ मेला एवं पारंपरिक देवता मेले के दौरान प्रशासन ने नगर परिषद पार्षदों व कर्मचारियों की अनदेखी की है। प्रशासन ने सभी पार्षदों को निमंत्रण पत्र तक नहीं भेजे थे। यह आरोप नगर परिषद अध्यक्ष गिरीजा गौतम व समस्त पार्षदों ने लगाया है। यही नहीं नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित पार्षदों व कर्मचारियों को शोभायात्रा के लिए पगड़ियां कार्यालय ही भिजवाई गई। नगर परिषद अध्यक्ष गिरिजा गौतम ने आरोप लगाया कि मेला कमेटी ने नगर परिषद के सभी पार्षदों को निमंत्रण पत्र नहीं भेजे थे। कुछेक पार्षदों को ही निमंत्रण मिला था। पगड़ियां नप कार्यालय भेजकर प्रशासन ने न केवल परंपरा को तोड़ा है बल्कि पार्षदों का अपमान भी किया है। पार्षद कल्पना, हिना, पार्वती शर्मा, रक्षा, कृष्णा, अजय शर्मा, दीपक सेन, सुमना, तुलेंद्र, राजेंद्र कुमार, पुष्पा, गोपाल कपूर ने आरोप लगाया कि मेले के दौरान आयोजित सांस्कृतिक संध्याओं में भी उन्हें वीवीआइपी सीट पर भी बैठने को जगह नहीं मिली। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने हजारों वीपीआइपी पास छपवाए थे। पार्षदों को कोई पास नहीं दिए गए। इसके चलते उन्हें पंडाल में नहीं घुसने दिया गया और वह सांस्कृतिक संध्या नहीं देख पाए।
प्रशासन द्वारा मेले के समापन पर केवल नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व एकमात्र पार्षद को सम्मानित किया गया। अन्य पार्षदों व कर्मचारियों को स्मृतिचिह्न नहीं दिए गए। इसके चलते नप अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने पुरस्कार लौटा दिए हैं। उनका आरोप है कि प्रशासन ने अपने कार्यालय के सभी कर्मचारियों को सम्मानित किया, जबकि नप के गिने चुने लोग सम्मानित किए। यह पार्षदों का अपमान है।