कविता के जरिये किया कन्या भ्रूण हत्या पर प्रहार
पद्धर में पूर्ण राज्यत्व दिवस पर कवि सम्मेलन सहयोगी, पद्धर (मंडी) : पूर्ण राज्यत्व दिवस के मौके पर
पद्धर में पूर्ण राज्यत्व दिवस पर कवि सम्मेलन
सहयोगी, पद्धर (मंडी) : पूर्ण राज्यत्व दिवस के मौके पर उपमंडल मुख्यालय पद्धर में रविवार को बहुभाषी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वकर्मी विकास सभा के सौजन्य से विकास खंड विभाग के सभागार में हुआ। कार्यक्रम का आगाज साहित्यकार कृष्ण चंद्र महादेविया और चेत राम ने स्वाग नाटिका के माध्यम से किया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा। सतीश भाटिया ने 'जब से गए है आप किसी अजनबी के साथ' गजल प्रस्तुत की। नन्ही नैंन्सी ने अपनी कविता के माध्यम से बेटी के महत्व और भू्रण हत्या पर प्रहार किया। कवि सुरेश सेन निशात ने स्वयं रचित 'पहुचना' शीर्षक कविता का सुंदर रेखाकन किया। बरोट के कवि खुशी राम ने 'काम करती है कड़छी, मजा उठाते है चमचे' कविता सुनाई। कुल्लू की कृष्णा ठाकुर और रूपेश्वरी शर्मा ने कविताएं सुनाकर वाहवाही लूटी। उत्तम चंद की बेटी निकली है घर से तड़फता है मा-बाप का ह्रदय, देश लूटना काम हमारा देश लूटते जाएंगे कविता के माध्यम से राजनीतिज्ञों पर तंज कसा। साहित्यकार एवं लेखक मुरारी शर्मा ने पहाड़ की इन ढलानों पर रूपास के फाहे की तरह गिरती है बर्फ कविता का रसपान करवाया। मनोज ठाकुर ने अपणी अपणी किस्मत पहाड़ी कविता सुनाई। सुंदरनगर के कवि यादविंदर शर्मा ने भी कविता सुनाई। तहसीलदार पद्धर हीरा लाल ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की समृद्ध संस्कृति विलुप्त होती जा रही है, इसे संजोए रखना आज समय की जरूरत बन गई है। इस मौके पर एमसी चौहान, केसी चौहान, संत राम कटारिया उपस्थित थे।