कांग्रेस ने चोर दरवाजे से की भर्तियां : सुनील
संवाद सहयोगी, मंडी : कांग्रेस सरकार का दो साल का कार्यकाल प्रदेश के युवाओं के लिए निराशाजनक रहा है।
संवाद सहयोगी, मंडी : कांग्रेस सरकार का दो साल का कार्यकाल प्रदेश के युवाओं के लिए निराशाजनक रहा है। प्रदेश सरकार ने किसी भी विभाग में सीधी भर्ती नहीं की, जो युवाओं के साथ धोखा है। यह बात भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने की बात कहकर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार अभी तक अपना वादा नहीं निभा पाई है। आज पीटीए शिक्षक अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में मात्र वन विभाग व परिवहन निगम में जो भर्तियां की उसमें भारी अनियमितताएं बरती गई हैं, जिन्हें न्यायालय ने रद्द कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ड्रग माफिया, खनन माफिया व वन माफिया को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को विकास से ज्यादा सांसद अनुराग ठाकुर की चिंता है। इसके चलते आए दिन उनके खिलाफ बयानबाजी करते रहते हैं।
विक्रमादित्य बताएं कितनों को दिया रोजगार
भाजयुमो अध्यक्ष सुनील ने कहा कि युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विक्रमादित्य इन दिनों मंडी युवाओं को रोजगार देने के दावे कर उन्हें गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युकां अध्यक्ष बताएं कि दो वर्ष के कार्यकाल में कितने युवाओं को रोजगार दिया। मंडी में कौन-कौन से नए शिक्षण संस्थान खोले। उन्होंने विक्रमादित्य द्वारा सांसद रामस्वरूप के खिलाफ की गई टिप्पणी का भी कड़ा विरोध किया है। साथ ही नसीहत दी है कि वह अपना कद देखकर सांसद के खिलाफ बयानबाजी करें।