घटासनी से लड़की के अपहरण के पीछे लव जेहाद : विहिप
संवाद सहयोगी, जोगेंद्रनगर : विश्व हिंदू परिषद ने घटासनी से अगवा हुई नाबालिग लड़की के मामले को लव जेहा
संवाद सहयोगी, जोगेंद्रनगर : विश्व हिंदू परिषद ने घटासनी से अगवा हुई नाबालिग लड़की के मामले को लव जेहाद का मामला बताकर सरकार से इसकी जांच करने व लड़की को शीघ्र ढूंढने की जोरदार मांग की है।
विहिप के जिला अध्यक्ष खड़क सिंह मंडयाल, प्रदेश कार्यप्रमुख होशियार सिंह व सहमंत्री श्याम सिंह धरवाल ने आरोप लगाया कि इलाका में लव जेहाद अपने पांव पसार रहा है। बाहर से आए एक विशेष समुदाय के लोगों द्वारा सुनियोजित तरीके से इसे अंजाम दिया जा रहा है। आरोप लगाया गया कि हिमाचल प्रदेश की भोली-भाली लड़कियों को बहला-फुसला कर यह लोग ले जाते हैं। पहले किराएदार बनकर घरों में डेरा डालते हैं फिर उन्हीं लोगों को लव जेहाद का शिकार भी बनाते हैं। प्रदेश सरकार से मांग की गई है कि इस लव जेहाद का शिकार हुई नाबालिग लड़की को खोज कर पता लगाया जाए व दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
यह भी मांग की गई है कि जो लोग पुलिस को सूचना दिए बिना पंचायतों में रह रहे हैं उनका पंजीकरण किया जाए व ऐसे मकान मालिकों की भी पूछताछ की जाए जो ऐसे लोगों को अपने घरों में किरायेदार रखते हैं। खड़क सिंह मंडयाल, होशियार सिंह व श्याम सिंह धरवाल ने बताया कि विहिप द्वारा अगले माह पूरे देश में गृह संपर्क अभियान छेड़ कर लोगों को इस बारे में जागरूक किया जाएगा।