अवैध निर्माण गिराने पर बवाल
सहयोगी, धर्मपुर : सरकाघाट के धर्मपुर क्षेत्र में सरकारी भूमि पर हुए अवैध निर्माण को लेकर जमकर बवाल ह
सहयोगी, धर्मपुर : सरकाघाट के धर्मपुर क्षेत्र में सरकारी भूमि पर हुए अवैध निर्माण को लेकर जमकर बवाल हुआ है। रविवार रात कुछ लोगों ने सरकारी भूमि पर अवैध तरीके से खड़े किए गए पिल्लरों पर लेंटल डालना शुरूकर दिया। इस दौरान पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया। इसके बाद पुलिस ने उस जगह पहरा बिठा दिया। सुबह राजस्व विभाग के कर्मचारी मजदूरों को लेकर पहुंचे और लेंटल को गिराना शुरूकर दिया।
राजस्व विभाग के कानूनगो, पटवारी और लोक निर्माण विभाग के मजदूर सोमवार सुबह जब लेंटल को गिराने लगे तो एक महिला ने वहां पहुंचकर हंगामा शुरूकर दिया। पुलिस के कुछ कर्मचारी भी मौके पर मौजूद थे। हालांकि सभी राजस्व और पुलिसकर्मी व मजदूर चुप रहे। हंगामा कर रही महिला से उलझना उन्हें महंगा पड़ सकता था। महिला ने लेंटल को गिराने का काम रुकवा दिया। महिला को हालांकि समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मानी। मौके पर कोई महिला पुलिसकर्मी या महिला आरक्षी के न होने से हंगामा कर रही महिला लेंटल गिराने के कार्य को रोकने में कामयाब रही। इस बीच सरकाघाट पुलिस थाना से महिला पुलिसकर्मियों को बुलाया गया। महिला पुलिसकर्मी लंबे सफर के बाद शाम को धर्मपुर पहुंचीं। इसके बाद हंगामा कर रही महिला को महिला पुलिसकर्मियों ने वहां से खदेड़ दिया। इसके बाद ही अवैध रूप से डाले गए लेंटल को गिराया जा सका। एसडीएम सरकाघाट रोहित राठौर ने कहा कि रात को धर्मपुर में कुछ लोगों ने सरकारी भूमि पर लेंटल डाल दिया था व उसे गिरा दिया गया है। उन्होंने कहा कि दूसरा कब्जा खंड विकास कार्यालय धर्मपुर की जमीन में हुआ है। इसका मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है। कोर्ट के फैसले के बाद इस मामले में भी आगामी कार्रवाई होगी।