कांगड़ा में UP के श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, दो बच्चों की मौत
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के समीप उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस कारण दो बच्चों की मौत हो गई। जबकि 30 श्रद्धालु घायल हो गए।
जेएनएन, कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के समीप उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे दो बच्चों की मौत हो गई। जबकि 30 श्रद्धालु घायल हो गए हैं। इनमें कुछ लोगों की हालात गंभीर है। सभी घायलों को डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडीकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा, कांगड़ा भर्ती करवाया गया है। हादसे के तुरंत बाद मौके पर पुलिस, एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई। जहां हादसा हुआ है, वहां सड़क के किनारे गहरी खाई है, लेकिन बस सड़क पर ही पलट गर्इ है। अगर बस सड़क से बाहर निकल जाती, तो काफी लोगों की जान जा सकती थी।
यह भी पढ़ें: 112 साल पहले आज के दिन तबाह हो गया था कांगड़ा
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से श्रद्धालु आगरा गेट फिरोजाबाद की मां बस बैष्णों देवी ट्रैवलस की बस नंबर यूपी-83एटी-9009 में यहां शक्तिपीठ घूमने आए थे। यह सभी श्रद्धालु आज मां कांगड़ा मंदिर से माथा टेकने के बाद ज्वालाजी मंदिर की तरफ जा रहे थे। बस अभी कांगड़ा से पांच किलोमीटर दूर समेला गांव के पास पहुंची थी कि वहां बस एक तीखे मोड़ को काटते ही पलट गई। बस का दुर्घटनाग्रस्त होने का कारण तेज गति बताया जा रहा है। बस में सवार दो छोटे बच्चों की मौत हो गई। इनमें एक नन्हें बच्चे का यहां मंदिर में आज ही मुंडन हुआ था।