भ्रष्टाचार के तमगे लगा कुर्सी पर जमे हैं वीरभद्र: अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि वीरभद्र पर मामले एनडीए नहीं बल्कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में चलाए गए थे।
कांगड़ा, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुद्धिजीवी वर्ग को भाजपा के सिद्धांतों के मूलमंत्र दिए हैं। उन्होंने कहा कि बुद्धिजीवी अपने स्तर पर पार्टियों का मूल्यांकन करें। उन्होंने कहा कि भाजपा एक लोकतांत्रिक सिद्धांतवादी पार्टी है, कांग्रेस का कोई सिद्धांत नहीं है।
इस दौरान अमित शाह ने हिमाचल में केंद्र के विकास का भी गुणगान किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में माफिया सरकार चला रहा है। उन्होंने लोगों को पार्टी से जुड़ने का निमंत्रण दिया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह तमगे की तरह भ्रष्टाचार के आरोपों को छाती से चिपकाकर कुर्सी पर बैठे हैं। सार्वजनिक जीवन में ऐसा उदाहरण कभी नहीं देखा। बकौल शाह, प्रदेश सरकार को मुख्यमंत्री नहीं माफिया व सेवानिवृत्त अधिकारी चला रहे हैं। इससे बड़ा प्रदेश का दुर्भाग्य और क्या हो सकता है। अमित शाह बुधवार को पालमपुर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वीरभद्र पर मामले एनडीए नहीं बल्कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में सोनिया गांधी व मनमोहन सिंह ने ही चलाए थे। कहा कि वीरभद्र सिंह अब तक इन मामलों को कानूनी दावपेंच के सहारे खींच तो पाए हैं, लेकिन अब शीघ्र इनका फैसला भी होगा। बकौल अमित शाह, केंद्र सरकार ने पहले से कई गुना राशि प्रदेश को भेजी, लेकिन राज्य सरकार ने इसका सही ढंग से उपयोग ही नहीं किया। राज्य सरकार ने इस धन का सदुपयोग किया होता तो आज प्रदेश की स्थिति खराब न होती।
हिमाचल प्रदेश के लिए राष्ट्रीय राजमार्गो की स्वीकृति के बावजूद प्रदेश सरकार इनकी डीपीआर नहीं बना पाई, जबकि इसके लिए अलग से 229 करोड़ रुपये केंद्र ने मुहैया करवाए थे। प्रदेश में एम्स व हाइड्रो पावर इंजीनियरिंग कॉलेज केंद्र की देन है। केंद्र सरकार ने सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण भानुपल्ली-बिलासपुर-मंडी-लेह रेललाइन के लिए सर्वे का कार्य शुरू कर दिया है। वन रैंक, वन पेंशन का तोहफा केंद्र सरकार ने दिया है। प्रधानमंत्री ने शिमला से उड़ान योजना का शुभारंभ किया है। प्रदेश के अन्य हवाई अड्डों को भी इस योजना से जोड़ा जाएगा।
देश में सर्व विकास का मॉडल मोदी सरकार ने बनाया है। सरकार के तीन साल के कार्यकाल में 105 योजनाओं का सूत्रपात हुआ है और इससे देश की पहचान विश्व में बनी है। 104 अंतरिक्ष यान भेजकर अंतरिक्ष जगत में भी देश को दूसरे पायदान पर लाने का कदम मोदी सरकार ने उठाया है। भाजपा जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के मुद्दे को संजीदगी व गंभीरता से देख रही है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस मामले में कदम उठाने का आश्वासन दिया है। पूर्व यूपीए सरकार के कार्यकाल में हर माह घोटाले होते थे।
अनुमान के अनुसार, 12 लाख करोड़ के घोटाले सामने आए थे और इसके विपरीत वर्तमान सरकार के तीन वर्ष कार्यकाल में एक भी ऐसा घोटाला सामने नहीं आया है। मोदी सरकार को हर चुनाव में बेहतर जनादेश देशभर में मिला है। नोटबंदी का निर्णय ऐतिहासिक रहा है और इसके अब अच्छे परिणाम भी सामने देखने में आ रहे हैं।
मोदी नहीं, मनमोहन और सोनिया के वक्त चले थे वीरभद्र पर मामले
अमित शाह ने साफ किया कि पार्टी ने अभी मुख्यमंत्री पद के लिए चेहरा तय नहीं किया है। पार्टी स्तर पर चर्चा के बाद इस पर फैसला लिया जाएगा। शाह ने कहा कि पार्टी विस्तार योजना के तहत सितंबर तक देशभर का 95 दिन का दौरा है जिसका उद्देश्य संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस बार नए चेहरों को भी अधिमान दिया जाएगा तो पुराने नेता भी दरकिनार नहीं होंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा प्रदेश में तीन चौथाई बहुमत से सरकार बनाएगी।
यह भी पढ़ेंः लाहौल-स्पीति में सारंग वैली और जिस्पा में ताजा बर्फबारी
यह भी पढ़ेंः जूरी गांव में जुगाड़ के पुल पर जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं लोग