भूस्खलन प्रभावित 11 परिवार किए शिफ्ट
संवाद सूत्र, रैत : शाहपुर के धारकंडी लाहड़ी में भूस्खलन से खतरे की जद में आए 11 परिवारों को जिला प्रश
संवाद सूत्र, रैत : शाहपुर के धारकंडी लाहड़ी में भूस्खलन से खतरे की जद में आए 11 परिवारों को जिला प्रशासन ने वीरवार को घरों से शिफ्ट कर दिया। लोगों के रहने की व्यवस्था सामुदायिक भवन व उनके रिश्तेदारों के घरों में अस्थायी तौर पर की है। इसके अलावा जिन परिवारों की पशुशालाएं भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुई हैं उन्हें भी फौरी राहत राशि दी गई है।
वीरवार को एसडीएम शाहपुर जगन ठाकुर ने राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। तीन पशुशालाओं के ध्वस्त होने पर प्रभावित परिवारों को पाच-पाच हजार की राहत राशि प्रदान कर दी गई है, जबकि जिन तीन परिवारों लेखराज, देशराज व जहलु राम की गोशालाएं मलबे में दब गई हैं, उन्हें पांच-पांच हजार की राहत दी गई। एसडीएम ने बताया कि पीड़ित परिवारों को शिफ्ट कर दिया है। डीसी ने डीएफसी को निर्देश जारी किए हैं कि पीड़ित परिवारों को अनाज सहित अन्य सामग्री उपलब्ध करवाएं। पीडब्ल्यूडी व आइपीएच विभाग को भी कह दिया है कि पानी, सड़क व रास्तों को तुरंत बहाल करें। उधर, उपायुक्त कांगड़ा सीपी वर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रभावितों को किसी प्रकार कमी नहीं आने दी जाएगी।
...................
ये परिवार किए शिफ्ट
भूरि सिंह, कणो राम, लाहलो राम, चहणु राम, सीतू देवी, सोहन लाल, सीता देवी, थोगली राम, विसलो राम, सफरी राम व छोटा राम के परिवारों को शिफ्ट किया है।
........................
जल्द बनाई जाए नुकसान की रिपोर्ट : मनकोटिया
धर्मशाला : पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने एसडीएम शाहपुर को नुकसान का जायजा लेकर प्रभावितों को राहत देने का आदेश दिया है। मनकोटिया ने कहा, बारिश से शाहपुर में जगह-जगह नुकसान हुआ है। गज, खोली व बराल खड्ड का जलस्तर बढ़ने से आसपास की जमीन को नुकसान पहुंचा है। खड्डों के किनारे ईट, पत्थर, रेत व बजरी के बहने से काफी नुकसान हुआ है। लाहड़ी में भूस्खलन से पशुशालाओ व मकानों को भी क्षति पहुंची है।