बचपना छोड़ जिम्मेदारी निभाएं सुक्खू
जागरण संवाददाता, धीरा (सुलह) : 'कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू को पद की गरिमा बरकरार
जागरण संवाददाता, धीरा (सुलह) : 'कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू को पद की गरिमा बरकरार रखते हुए बचपना छोड़कर जिम्मेदारी निभानी चाहिए। मुख्यमंत्री का पद हासिल करने के बाद यह आवश्यक नहीं कि हर कोई कहीं से भी जीत जाए। इतिहास गवाह रहा है कि कई मुख्यमंत्री होते हुए भी चुनाव हार जाते हैं।' यह बात मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंगलवार को सुलह हलके के धीरा में कॉलेज के साइंस ब्लॉक के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही।
उन्होंने कहा, पार्टी व सरकार में अच्छा तालमेल है, लेकिन इस प्रकार की भ्रामक बयानबाजी से परहेज करते हुए प्रदेशाध्यक्ष को संगठन की जिम्मेदारियों का उत्तरदायित्व निभाना चाहिए। प्रदेश में खेल बिल लागू करने की सरकार की प्रतिबद्धता बताते हुए कहा कि सरकार ने इसे विधानसभा से पारित कर करीब डेढ़ वर्ष पहले राज्यपाल के पास स्वीकृति के लिए भेजा था। कानूनी तौर पर इसे छह माह में लौटाना चाहिए, लेकिन राज्यपाल की क्या मजबूरी है यह वही बता सकते हैं।
विधानसभा चुनाव पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अगर पंजाब में कांग्रेस की सरकार आती है तो भी प्रदेश में समय पर ही चुनाव होंगे। निर्धारित समय से पहले चुनाव नहीं करवाए जाएंगे। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष पद पर जेपी नड्डा की तैनाती की संभावनाओं के सवाल पर कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि भाजपा किसके नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस विकास के मुद्दे पर चुनाव मैदान में उतरेगी। नूरपुर स्टेडियम की तर्ज पर प्रदेश के अन्य स्टेडियमों की लीज रद करने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा किनूरपुर स्टेडियम की लीज निजी संस्था को रखरखाव के लिए दी गई थी, लेकिन नौ वर्ष तक यहां कोई काम ही नहीं हुआ, इसलिए लीज रद की गई है।