रामेश्वरी की मदद को बढ़ने लगे हाथ
संवाद सहयोगी, भवारना : उपमंडल के गाव मालग की रामेश्वरी देवी (55) की दिल की बीमारी के इलाज के लिए मदद
संवाद सहयोगी, भवारना : उपमंडल के गाव मालग की रामेश्वरी देवी (55) की दिल की बीमारी के इलाज के लिए मदद के हाथ बढ़ने लगे हैं। दैनिक जागरण में सोमवार को 'मालग की रामेश्वरी को दुखहर्ता का इंतजार' नामक शीर्षक से समाचार छपने के बाद स्थानीय श्रीमद्भागवत सेवा समिति रोडी भवारना रामेश्वरी देवी की मदद के लिए आगे आई है। समिति के संस्थापक एवं अध्यक्ष अनिल डोहरु ने समाचार पढ़ने के बाद गरीब और बीमार महिला से जागरण के माध्यम से संपर्क साधा और रामेश्वरी को 21000 रुपये की नकद राशि दी।
गौर हो कि रामेश्वरी देवी दिल की बीमारी से ग्रसित है। चिकित्सकों ने दिल का एक वॉल्व खराब बताया है, जिसका इलाज शिमला स्थित आइजीएमसी अस्पताल में होना बताया है। इसमें अनुमानित खर्च छह-सात लाख बताया है, जो कि रामेश्वरी देवी की पहुंच से बाहर है। रामेश्वरी देवी इलाज के लिए दर-दर की ठोकरें खा रही है। उसे एक ऐसे अदद मददगार की जरूरत है जो उसका इलाज करवा सके।
अभी और मदद की दरकार
इलाज के लिए श्रीमद्भागवत सेवा समिति के संस्थापक एवं अध्यक्ष अनिल डोहरु ने आर्थिक मदद की है, जिसके लिए रामेश्वरी ने धन्यवाद किया है। निर्धन परिवार ने अन्य सामाजिक संस्थाओं व सरकार से भी मदद की गुहार लगाई है।
परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं
रामेश्वरी देवी के परिवार की आर्थिक हालत ठीक नहीं है। दो बेटे दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का गुजर-बसर कर रहे हैं। रामेश्वरी के पति भी रोजी-रोटी कमाने में कुछ खास योगदान नहीं दे पाते हैं। इतनी गरीबी के बावजूद भी पंचायत ने इनका नाम बीपीएल की सूची से काट दिया है, जो कि सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है।