श्रम कानून में फेरबदल के खिलाफ युवा इंटक करेगी हड़ताल
संवाद सूत्र, रैत : युवा इंटक केंद्र सरकार की ओर से श्रम कानून में किए जा रहे फेरबदल के विरोध में दो
संवाद सूत्र, रैत : युवा इंटक केंद्र सरकार की ओर से श्रम कानून में किए जा रहे फेरबदल के विरोध में दो सितंबर को प्रदेश में हड़ताल करेगी। इस दिन ट्रास्पोर्ट सहित तमाम औद्योगिक संस्थानों व जल विद्युत परियोजनाओं में पूरी तरह से काम ठप रखा जाएगा। युवा इंटक के प्रदेश महासचिव एवं राज्य मीडिया प्रभारी आशीष पटियाल ने बताया कि इस दौरान जगह-जगह धरना प्रदर्शन भी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत सरकार उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए देश के श्रम कानून में फेरबदल करने जा रही है। यह श्रम कानून कामगारों व मजदूरों के हित में नहीं है। कानून लागू होने के बाद मजदूर अपने कई हक खो देंगे तथा उन्हें उद्योगपतियों के हाथों शोषण का शिकार होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अपने उद्योगपति मित्रों को खुश करने के लिए करोड़ों मजदूरों का भविष्य भी दाव पर लगाने जा रही है।
युवा इंटक इस दिन इंटक के प्रदेश अध्यक्ष बाबा हरदीप सिंह व युवा इंटक के राज्य अध्यक्ष यश पाल ठाकुर के नेतृत्व में सड़कों पर उतर कर भारत बंद को हिमाचल में सफल बनाएगी। हड़ताल को सफल बनाने के लिए युवा इंटक ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं और सभी जिलाध्यक्षों व पदाधिकारियों को आदेश भी जारी कर दिए हैं।