एक गोसदन का होगा विस्तार, दो नए बनेंगे
जागरण संवाददाता, कांगड़ा : उपमंडल कांगड़ा में लावारिस पशुओं से लोगों को निजात दिलाने के लिए अब प्रशासन
जागरण संवाददाता, कांगड़ा : उपमंडल कांगड़ा में लावारिस पशुओं से लोगों को निजात दिलाने के लिए अब प्रशासन ने मुहिम छेड़ दी है। उपमंडल कांगड़ा के कांगड़ा व नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्रों में एक गौसदन का विस्तारीकरण होगा वहीं दो नए गौ सदनों का भी निर्माण होगा। कांगड़ा के बाईपास मार्ग पर पहले से ही बने गौसदन का जहां विस्तारीकरण होगा
वहीं नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के पलाह चकूल सहित बाबा बड़ोह के पास दो नए गौ सदनों का निर्माण होगा। बाई पास मार्ग पर पुराने गौसदन के विस्तारीकरण के बाद इसके संचालन का जिम्मा नगर परिषद के पास होगा, जबकि यहां पर पहले से ही चल रहे गौ सदन का जिम्मा बज्रेश्वरी देवी मंदिर ट्रस्ट वहन कर रहा है। इस समय यहां पर पहले से ही बने गौसदन में 50 पशुओं को रखने की व्यवस्था है, और अतिरिक्त बनने वाले गौ सदन में 70 पशुओं को रखने की व्यवस्था होगी। वहीं पलाह चकूल व बाबा बड़ोह के पास बालू ग्लोया में नए बनने वाले
गौ सदनों में 50-50 पशुओं की रखने की क्षमता होगी। पलाह चकूल व बालू ग्लोया में पंचायत स्तर पर या फिर किसी निजी संस्था के सहयोग से गौ सदनों का संचालन होगा। बाई पास मार्ग पर नगर परिषद को भूमि अपने नाम करने के लिए कहा गया है, जबकि पलाह चकलू व बालू ग्लोया में जमीन देखने से संबंधित राजस्व विभाग के अधिकारियों को आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। इन क्षेत्रों में गौ सदनों के निर्माण से लोगों को भी लावारिस पशुओं से भी निजात मिलेगी। इन गौ सदनों के निर्माण को लेकर प्रशासन की एक बैठक वीरवार को एसडीएम की अध्यक्षता में हुई, जिसमें इन गौ सदनों के निर्माण को लेकर चर्चा हुई।
शीघ्र होगा गौ सदनों का निर्माण
उपमंडल में लावारिस पशुओं से निजात दिलाने के लिए दो नए गौ सदनों का निर्माण होगा, वहीं कांगड़ा के बाईपास मार्ग पर बने गौसदन के पास पहले से ही बने गौ सदन का विस्तारीकरण भी होगा। कांगड़ा में बनने वाले गौ सदन का संचालन नगर परिषद कांगड़ा करेगी वहीं अन्य पंचायतों में बनने वाले गौ सदनों के संचालन का जिम्मा संबधित पंचायत या फिर निजी संस्थाओं के जिम्मे होगा। राजस्व विभाग को जमीन शीघ्र देखने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है।
मधु चौधरी
एसडीएम कांगड़ा
ये रहे मौजूद
बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष कांगड़ा पंडित वेद प्रकाश शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष कांगड़ा सुमन वर्मा, नप अध्यक्ष नगरोटा बगवां हिमाद्री सोनी, बीडीओ कांगड़ा शशि पटियाल, नायब तहसीलदार कांगड़ा सुरेंद्र धीमान, नायब तहसीलदार नगरोटा बगवां संसार चंद, नप के कार्यकारी अधिकारी केएल ठाकुर, आइपीएच के अधिशाषी अभियंता
राजीव डोगरा सहित कई अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।