आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांके वीरभद्र : रवि
संवाद सहयोगी, देहरा : भारतीय जनता पार्टी नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने से पहले मुख्यमंत्री वीरभ
संवाद सहयोगी, देहरा : भारतीय जनता पार्टी नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने से पहले मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह खुद अपने गिरेबान में झांक कर देखें। यह शब्द पूर्व मंत्री एवं देहरा के विधायक रविंद्र सिंह रवि ने रविवार को देहरा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहे। रवि ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की संपति की जांच सीबीआइ से करवाने की बात करते हुए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अपने ऊपर लगे भ्रष्टाचार रूपी कीचड़ के दागों को धोने का असफल प्रयास कर रहे हैं। धूमल का राजनीतिक करियर बेदाग रहा है जो प्रदेश की जनता जानती है।
रवि ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार के गर्त में डूब चुकी है। भाजपा ने 25 जून को कांग्रेस के भ्रष्टाचार के खिलाफ एक चार्जशीट दाखिल की है। अगर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह में हिम्मत है तो भाजपा इस चार्जशीट के अनुसार कांग्रेस के भ्रष्टाचार की जांच सीबीआइ से करवाने के आदेश तुंरत दें।
देहरा विधानसभा क्षेत्र का हरिपुर इलाका विकास के रूप में बुरी तरह पिछड़ा हुआ है। हरिपुर क्षेत्र में एक बड़ी पेयजल योजना के निर्माण के लिए उन्होंने नाबार्ड को अपनी प्राथमिकता भेजी थी। नाबार्ड ने इस पेयजल योजना के निर्माण के लिए धन स्वीकृत करने बारे आइपीएच विभाग को पत्र भेज दिया है। वासा मेहवा से लुणसु बनेर नदी पर बनने वाले फुट ब्रिज का निर्माण करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। रवि ने कहा कि देहरा को स्मार्ट सिटी का दर्जा देने की लड़ाई उन्होंने केंद्र तक लड़ी है। इसी योजना के तहत देहरा शहर की बिजली की तारों को अंडरग्राउंड करने के लिए तीन करोड़ रुपये केंद्र सरकार ने बिजली विभाग को भेज दिए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने उनके कहने पर देहरा अस्पताल को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से फंडिंग करवाते हुए देहरा अस्पताल की दशा सुधारने की बात कही है। देहरा अस्पताल शीघ्र ही इस फंड से आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस हो जाएगा।