अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं महिलाएं : शालिनी
जागरण संवाददाता, नगरोटा बगवां : रेनबो इंटरनेशनल स्कूल नगरोटा बगवां में शनिवार को दैनिक जागरण की संगि
जागरण संवाददाता, नगरोटा बगवां : रेनबो इंटरनेशनल स्कूल नगरोटा बगवां में शनिवार को दैनिक जागरण की संगिनी क्लब की सदस्यों के लिए जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आइपीएस अधिकारी एएसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। प्रिंसिपल डॉ. छवि कश्यप व मुख्य प्रबंधक मीनाक्षी कश्यप ने दैनिक जागरण की ओर से शालिनी अग्निहोत्री को पुष्पगुच्छ भेंट किए।
इस मौके पर शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि किसी भी तरह का अत्याचार करने वाले व्यक्ति के खिलाफ सामाजिक दबाव पुलिस के डंडे से कही ज्यादा असरदार सिद्ध होता है। महिलाओं को अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करनी जानी चाहिए। महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई कानूनों का प्रावधान है लेकिन अपने ऊपर होने वाले अत्याचार को लेकर खुले मन से आगे आने की जरूरत है। अत्याचार सहन करना भी किसी जुर्म से कम नहीं है। मानसिक प्रताड़ना को हल्के से नहीं लेना चाहिए। पुलिस हर जगह उपलब्ध नहीं रह सकती, इसलिए समाज में यदि कुछ गलत होता हुआ नजर आए तो उसके विरोध में हर व्यक्ति को खड़ा होना चाहिए। पुलिस को सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाता है। समाज में सभी पुरुष घरेलू हिंसा में शामिल हों ऐसा जरूरी नहीं है। महिलाएं अधिकारों के प्रति तो सजग नजर आ रही हैं मगर जो दायित्व है उसे भी बखूबी निभाना चाहिए। अध्यापकों की राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका रहती है क्योंकि बच्चे आधा दिन स्कूल में गुजारते हैं। इस मौके पर संगिनी क्लब की सदस्यों के प्रश्नों का भी शालिनी अग्निहोत्री ने जवाब दिया। मीनाक्षी कश्यप ने कहा कि कई बार महिलाओं द्वारा अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करने पर भी पुलिस की ओर से सहयोग न मिलने पर मायूसी का सामना करना पड़ता है। इस बारे पुलिस के उच्च अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।