विद्युत मंडल पालमपुर में कर्मचारियों की कमी
उपभोक्ताओं को झेलनी पड़ रही परेशानी कुलदीप राणा, पालमपुर कर्मचारियों की कमी से विद्युत विभाग को म
उपभोक्ताओं को झेलनी पड़ रही परेशानी
कुलदीप राणा, पालमपुर
कर्मचारियों की कमी से विद्युत विभाग को मरम्मत कार्य करने में दिक्कत हो रही है। वहीं, उपभोक्ताओं को भी बेहतर सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। पालमपुर में बिजली से संबंधित समस्या को दूर करने के लिए कई घंटे लग रहे हैं।
विद्युत मंडल पालमपुर के अंतर्गत पांच उपमंडलों में 447 कर्मचारियों का होना जरूरी है लेकिन सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों की जगह नई भर्ती नहीं की जा रही है। विद्युत मंडल पालमपुर के अंतर्गत वर्तमान में करीब 280 नियमित कर्मी, 31 अनुबंध व 13 दैनिक वेतनभोगी सेवाएं दे रहे हैं। स्टाफ कम होने से वे उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान नहीं कर पा रहे हैं। तारों व पुराने उपकरणों की मरम्मत के लिए आधे से कम स्टाफ से काम चलाना पड़ रहा है। विभागीय आकड़ों के अनुसार वर्तमान में विद्युत मंडल पालमपुर के अंतर्गत उप मंडलों में 167 के करीब कर्मचारी कम हैं। 59809 उपभोक्ता विद्युत मंडल पालमपुर पर निर्भर हैं। यदि जल्द कर्मचारियों के पद नहीं भरे गए तो सर्दियों में अधिक लोढ पड़ने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ जाएगा।
विद्युत मंडल पालमपुर के अधिशाषी अभियंता इंजीनियर वीएस ठाकुर ने बताया कि उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कई कर्मचारी सेवानिवृत्त होने वाले हैं। यदि विद्युत विभाग द्वारा जल्द नियुक्तियां नहीं की गई तो समस्या गंभीर हो सकती है।