11 माह बाद भी नहीं सुलझी फौजी की हत्या की गुत्थी
संवाद सहयोगी, पालमपुर : पुलिस थाना पालमपुर के तहत चमोटू में सैनिक हत्या मामले में पुलिस को अभी तक हत
संवाद सहयोगी, पालमपुर : पुलिस थाना पालमपुर के तहत चमोटू में सैनिक हत्या मामले में पुलिस को अभी तक हत्यारों का कोई पता नहीं चल पाया है। करीब 11 माह बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। शुरुआती छानबीन में पुलिस को बेशक कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर छानबीन हुई थी। लेकिन असली हत्यारों तक पहुंचना पुलिस के लिए अनसुलझी पहेली बना है।
16 दिसंबर 2013 को सुबह फौजी की हत्या की जानकारी मिली थी। लोगों ने फौजी का नग्न शव चमोटू के पास कूहल में पड़ा देखा था। जिसके कपड़े डाढ चौक के पास से बरामद किए गए थे। चमोटू निवासी विनोद कुमार, योल में सेना में नायब सूबेदार के पद पर कार्यरत था, जो 15 दिसंबर 2013 को दोपहर 11 बजे घर आया तथा दोपहर करीब दो बजे परिजनों से डयूटी पर जाने की बात कहकर वापस योल रवाना हुआ था। लेकिन वह योल नहीं पहुंचा था। धर्मशाला में विधानसभा सत्र के दौरान घटे इस मामले की गूंज विपक्षी दल ने भी खूब उठाई थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सख्ती से छानबीन कर हत्यारों को पकड़ने के सख्त निर्देश दिए थे। लेकिन 11 माह बीतने के बावजूद पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। हालांकि अभी भी पुलिस गहनता से छानबीन करने की बात कर रही है।