केंद्र पहुंचा रहा राहत प्रदेश सरकार कर रही आहत : भाजपा
जागरण संवाददाता, कांगड़ा : प्रदेश सरकार द्वारा वैट बढ़ाकर पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी करके जनता को
जागरण संवाददाता, कांगड़ा : प्रदेश सरकार द्वारा वैट बढ़ाकर पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी करके जनता को परेशान किया जा रहा है। केंद्र सरकार जहां महंगाई को कम करने के लिए अहम कदम उठाकर लोगों को राहत पहुंचा रही है, वहीं, प्रदेश सरकार विभिन्न टैक्स लगाकर जनता को आहत करने का प्रयास कर रही है।
कांगड़ा भाजपा मंडल सहित अन्यों ने प्रदेश सरकार द्वारा वैट बढ़ाकर पेट्रोल के दाम में बढ़ोतरी पर आपत्ति जताई है। पूर्व विधायक व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संजय चौधरी, मंडल अध्यक्ष कांगड़ा रमेश बराड़, भाजपा के जिला महामंत्री उत्तम चौधरी ने इसकी कड़ी आलोचना की है। केंद्र सरकार ने पेट्रोल के दामों में कमी करके जनता को राहत दिलाई, लेकिन प्रदेश सरकार ने पेट्रोल पर लगाए वैट को बढ़ाकर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से जो वादे किए हैं उन्हें पूरा करने की ओर कदम उठाए जा रहे हैं। देश में नरेंद्र मोदी का जादू चल रहा है और इसका परिणाम हरियाणा व महाराष्ट्र के चुनाव नतीजे हैं, जिसमें भाजपा को लोगों ने समर्थन दिया है। अगर प्रदेश सरकार द्वारा पेट्रोल पर बढ़ाए गए वैट को कम नहीं किया गया, तो भाजपा इसका विरोध करेगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन की राह भी अपनाएगी।