कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता
पालमपुर : सुलह मंडल भाजपा ने जनसंपर्क अभियान के तहत रविवार को पनियाली, रझूं व धीरा ग्राम केंद्रों में मंडल अध्यक्ष कैप्टन सुरेश कटोच की अध्यक्षता में बैठकें की। बैठकों में सुलह के पूर्व विधायक एवं भाजपा के प्रदेश महामंत्री विपिन सिंह परमार ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कार्यकर्ता हर पोलिंग बूथ के हर घर में जाकर काग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करें। सुलह विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति ठप हो गई है तथा सड़कों की हालत दयनीय है। विभाग के अधिकारी अपनी जिम्मेवारी निभाने में पूरी तरह असफल हैं। परमार ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल मे सात करोड़ की राशि से निर्माणाधीन जिया झरेट पेयजल योजना का संवर्द्धन कार्य ठप हो गया है। प्रदेश सरकार में आपसी खींचतान से ऐसा आभास हो रहा है कि यह सरकार कभी भी गिर सकती है तथा राज्य में मध्यावधि चुनाव की संभावना बन सकती है। इस स्थिति में उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव के लिए तैयार रहने का भी आह्वान किया।