पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता अवश्यक : करोल
संवाद सहयोगी, पालमपुर : हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश संजय करोल और न्यायाधीश त्रिलोक सिंह चौहान की अगुवाई में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिंद्रावन में पौध रोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें न्यायाधीश संजय करोल और न्यायाधीश त्रिलोक सिंह चौहान ने केमीलिया का पौधा रोपित किया। विद्यालय के लगभग सौ विद्यार्थियों ने देवदार के पौधे रोपे। इस अवसर पर न्यायाधीश संजय करोल ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए इसके महत्व को समझाया, पर्यावरण के संरक्षण के लिए जागरूकता होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की जानकारी के अलावा अपने मौलिक अधिकारों और कर्तव्य की भी जानकारी होनी चाहिए। इससे पहले जिला एवं सत्र न्यायाधीश और अध्यक्ष जिला विधिक साक्षरता सेवा प्राधिकरण कागड़ा डीके शर्मा ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि जिला में छठी से बाहरवीं के विद्यार्थियों द्वारा 91212 पौधे रोपित किये गये हैं। जबकि पालमपुर उपमंडल में 227 स्कूलों के विद्यार्थियों ने 29246 पौधे रोपे। कार्यक्रम में आशु करोल, हिमाचल प्रदेश विधिक साक्षरता सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव विरेंद्र सिंह, जिला न्यायिक अधिकारी, विद्यालय की प्रधानाचार्य रमा शर्मा, देव राज शर्मा, एसएमसी अध्यक्षा इंदू देवी सहित विद्यालय के अध्यापक और बच्चे उपस्थित रहे।