मैक्लोडगंज से चंडीगढ़ के लिए वोल्वो शुरू
जागरण संवाददाता, कांगड़ा : परिवहन, खाद्य आपूर्ति एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री जीएस बाली ने रविवार को जन्मदिवस पर कांगड़ा से एचआरटीसी की दो नई बस सेवाओं चंबा-शिमला व मैक्लोडगंज- चंडीगढ़ को हरी झंडी देकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री ने बताया कि इन दोनों बसों में एक वोल्वो भी शामिल है। एक एसी बस शिमला से चंबा वाया पठानकोट प्रतिदिन कांगड़ा होते हुए सुबह 6.30 बजे शिमला से रवाना होकर सायं 8.30 बजे चंबा पहुंचेगी। चंबा से यह बस सुबह 7.10 बजे शिमला के लिए रवाना होगी और पठानकोट-कांगड़ा होते हुए यह सायं नौ बजे शिमला पहुंचेगी। इस बस में सफर करने के लिए यात्रियों को 810 रुपये चुकाने होंगे। शिमला से कांगड़ा तक का किराया 410 रुपये होगा। मैक्लोडगंज से चंडीगढ़ जाने वाली वोल्वो बस हर रोज मैक्लोडगंज से सुबह सवा छह बजे चलेगी और दोपहर बाद एक बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। इसी दिन सायं 3.40 बजे चंडीगढ़ से धर्मशाला के लिए रवाना होगी और इसका किराया 485 रुपये होगा।