शाहपुर में सब्जी मंडी खोली जाएगी : मनकोटिया
जागरण टीम, शाहपुर/रैत : शाहपुर में कृषि प्रोद्यौगिकी प्रबंध अभिकरण ने किसान गोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने की। उन्होंने कहा कि किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ नकदी फसलें भी उगाएं। उन्होंने कहा कि किसान की खेती के प्रति विमुखता चिंता का विषय है। यह प्रदेश के लिए खतरे की घंटी है।
उन्होने बताया कि शाहपुर में किसानों को अपनी नकदी फसलें बेचने केलिए सब्जी मण्डी खोली जाएगी। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से बात की है और उन्होंने सैद्धातिक मंजुरी प्रदान कर दी है। शाहपुर में एसडीएम कार्यालय और लंज में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए डिग्री कॉलेज खोला जाएगा। इससे पहले अतिरिक्त कृषि निदेशक उत्तरी क्षेत्र धर्मशाला डॉ. आरके सरोहा ने मुख्यअतिथि का स्वागत करते हुए विभाग द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों की जानकारी दी। उपनिदेशक कृषि डॉ. देशराज शर्मा, निदेशक आत्मा डॉ. रिपन सूद ने भी किसान गोष्ठी को संबोधित किया। स्वयं सहायता समूह की प्रधान चम्पा देवी ने आत्मा पर अपने विचार साझा किये। इस अवसर पर मनकोटिया द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने के लिए स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित किया। इससे पहले उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रर्दशनियों का अवलोकन किया।
किसान गोष्ठी में सूचना एवं जन संपर्क विभाग के कलाकारों ने गीतों के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान दी। इससे पहले शाहपुर पहुंचने पर मनोकोटिया ने शाहपुर बाजार में कांग्रेस कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यालय प्रभारी लाल सिंह राणा, अभिमन्यू वर्मा, सुभाष चौधरी, करनैल चौधरी, आकाश, विक्की, संजू, प्रभात चौधरी व भगवान सिंह आदि मौजूद रहे।