पैंडिंग - कीनिया का सेब नूरपुर में दे रहा फल
संवाद सूत्र, जसूर : भलेटा पंचायत के बडवाल निवासी सेवानिवृत्त डॉ. प्रकाश चंद शर्मा अपने घर में लगाए कीनिया के सेब के पौधे में आए सेब के फलों का खुद भी खूब स्वाद ले रहे हैं और उनके पड़ोसी भी। हालांकि गर्म क्षेत्र में सेब के पौधे में सेब आना हैरानी की बात है, लेकिन यह करिश्मा यहां सच हुआ है। डॉ. प्रकाश चंद शर्मा के मुताबिक उन्होंने कीनिया में यह पौधा देखा था। जहां उनका एक रिश्तेदार रहता है और उन्होंने इस माइकल प्रजाति के पौधे को वहां से मंगवा कर अपने घर के आंगन में रोपा। इसकी ज्यादा देखभाल भी उन्होंने नहीं की। उनके मुताबिक वह देशी खाद और सप्ताह में बीस लीटर पानी गर्मियों में इसे देते थे और तीसरे वर्ष में इस पौधे से लगभग 25 से 30 किलोग्राम सेब प्राप्त हुआ है, जोकि बेहद स्वादिष्ट तथा रस से भरा हुआ है। उन्होंने हाल ही में पौधे पर लगी सेब की उपज को तोड़ लिया है। प्रकाश शर्मा के अनुसार उन्होंने सेब की एक ओर प्रजाति स्लोबिक के पौधे भी अपने खेतों में तैयार किए हैं, जो लगभग दो साल के हो गए हैं। अगले साल उनसे भी फल आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यह गर्म जगह पर भरपूर फल दे सकते हैं, क्योंकि नूरपुर उपमंडल आम के लिए मशहूर है जोकि छह या सात साल बाद फल देने लगता है, लेकिन उन्होंने इस तरह का सफल प्रयोग कर इलाके के बागवानों को नई राह दिखाई है। वहीं उनके घर के आंगन में लगाए सेब के पौधे को देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं, ताकि वह भी इस प्रजाति के पौधे अपने घर के आंगन में रोप सकें और उनसे फल प्राप्त कर सकें।