उत्साह कम न होने दें कार्यकर्ता : शांता
जागरण टीम, पालमपुर/बैजनाथ : सांसद शांता कुमार ने कहा कि उन्होंने चुनाव मंत्री बनने के लिए नहीं, बल्कि सरकार बनाने के लिए लड़ा। सरकार कैसे चलेगी, इसका फैसला जिम्मेदार लोगों को ही लेना है।
उन्होंने पालमपुर व बैजनाथ में आभार कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं से कहा कि वह मुंह न लटकाए और न ही इस बात की चर्चा करें। उत्साह को कम नहीं होने दें, उनका जो भी कार्य है, वह जरूर पूरा होगा। उन्होंने ने बताया कि 1951-52 से शुरू हुए सफर में कई ऐसे क्षण आए हैं जब उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री के पद पर और केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि हिमाचल प्रदेश से कोई मंत्री बने या न बने लेकिन दिल्ली में कोई काम नहीं रुकेगा। उन्होंने जीत के लिए पालमपुर सहित कांगड़ा-चंबा की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार भाजपा को विरासत में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और खाली खजाना दे गई है।
इस मौके पर पूर्व विधायक प्रवीण शर्मा ने कहा कि व्यस्तता के कारण इस कार्यक्रम में देरी हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कहा कि सभी के कार्य होंगे, इसके लिए संयम रखे। उन्होंने लोगों की तरफ से शांता कुमार के समक्ष खुले दरबार के आयोजन की मांग भी रखी। वहीं, भाजपा संगठन जिला अध्यक्ष विनय शर्मा ने कहा कि शांता कुमार की ऐतिहासिक जीत हुई है और देश में भाजपा की सरकार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनी है।
इस अवसर पर भाजपा के संगठन मंत्री संजय ठाकुर व मंडल अध्यक्ष संजीव सोनी ने भी संबोधित किया।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष विनय शर्मा, सह मीडिया प्रभारी हिमांशु मिश्रा, डीआर ठाकुर, ओम प्रकाश उपाध्याय, शेर सिंह, राजेंद्र, सीता राम, ममता, देसराज, स्वीज, अरविंद, संजय राठौर, जिला महामंत्री मुल्ख राज प्रेमी, प्रदेश सचिव इंदू गोस्वामी, अध्यक्ष बलदेव राणा, सुदेश राणा, सुमन चौधरी, कांता ठाकुर, तिलक डोगरा, कुलदीप, कमल कपूर, राकेश नेगी व सांसद के परिजन भी उपस्थित रहे।