कांग्रेस सरकार कर रही कर्मचारी विरोधी कार्य : भरमौरिया
संवाद सहयोगी, हमीरपुर : भारतीय जनता पार्टी पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के पूर्व अध्यक्ष प्रेम सिंह भरमौरिया ने यहां जारी एक बयान में कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारी विरोधी है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से भाजपा सरकार द्वारा कर्मचारियों को दिए गए वेतन व भत्तों के कारण 1200 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ वहन करना पड़ रहा है। विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस पार्टी के वर्तमान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने घोषणा की थी कि भाजपा जो लाभ कर्मचारियों को वर्ष 2009 से दे रही है, उनकी सरकार बनने पर वह लाभ 1-1-2006 की तर्ज पर दिया जाएगा और इसका उल्लेख उन्होंने अपने पार्टी के घोषणा-पत्र में भी किया था, लेकिन अब इसे बोझ कहा जा रहा है। इससे वर्तमान सरकार के चेहरे और चरित्र का पता चलता है। दूसरी तरफ कांग्रेस के हारे हुए अधिकतर नेताओं को निगमों और बोर्डों में अध्यक्ष बनाकर राजनैतिक पुर्नवास करके प्रदेश की जनता के करोड़ों रुपये इन पर खर्च किए जा रहे हैं। वर्तमान सरकार कर्मचारी विरोधी निर्णयों द्वारा प्रदेश के सेवानिवृत्त और वर्तमान कर्मचारियों को एक बड़े आंदोलन के लिए प्रेरित कर रहा है। भरमौरिया ने जिला की समस्त इकाइयों से आह्वान किया कि वर्तमान सरकार के कर्मचारी विरोधी निर्णयों का डटकर विरोध करें।