कुल्लू में दो भाइयों को लड़वा रहे मुख्यमंत्री : रामस्वरूप
जागरण टीम, जोगेंद्रनगर/सैंज (मंडी) : मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा ने कहा है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कुल्लू में दो भाइयों को आपस में लड़ाकर खूब राजनीति कर रहे है। रामस्वरूप जिला कुल्लू की सैंज घाटी में चुनाव प्रचार के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने छह बार मुख्यमंत्री होने के बाद भी प्रदेश में रेलवे नेटवर्क को क्यों नहीं बढ़ावा दिया। केंद्र सरकार से पैसा लेने में भी प्रदेश सरकार पूरी तरह से विफल साबित हुई है। जोगेंद्रनगर में अंग्रेजों के समय से बनी रेलवे लाइन का विस्तार नहीं हो पाया है। वहीं, रामस्वरूप ने बुधवार रात मंडी जिला के लदरूंही में भाजपा बूथ कार्यकर्ताओं से कहा कि देश से कांग्रेस का सफाया होना तय है। वीरभद्र सिंह ने आज तक मंडी जिला से किसी नेता को उभरने नहीं दिया है। इस कड़ी में ठाकुर कर्म सिंह व पंडित सुखराम के साथ अब ठाकुर कौल सिंह का नाम भी जुड़ गया है। स्वास्थ्य विभाग कौल सिंह ठाकुर को जरूर दिया गया है मगर उनकी अपनी 'सियासी सेहत' को बिगाड़ कर रख दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वीरभद्र सिंह व प्रतिभा सिंह दोनों ने मंडी संसदीय हलके से सदैव पक्षपात किया है और जोगेंद्रनगर को महज वोट बटोरने का ही जरिया समझा है। वहीं, विधायक गुलाब सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रतिभा सिंह ने जोगेंद्रनगर को हमेशा सब्जबाग दिखाए हैं लेकिन इस दफा लोग उनके बहकावे में नहीं आएंगे। लोग नरेंद्र मोदी के नाम पर मताधिकार का प्रयोग करदेश को विकास के रास्ते पर ले जाने में अहम भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर कश्मीर सिंह राजपूत आदि मौजूद रहे।