वीरभद्र व कांग्रेस पार्टी जनता से बड़ा धोखा : धूमल
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : वीरभद्र सिंह व कांग्रेस धोखा हैं। अब मौका है कि इन्हें चलता किया जाए। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के नामांकन दाखिल करने के बाद गांधी चौक पर रैली को संबोधित करते हुई कही। उन्होंने दावा किया कि देश व प्रदेश का विकास केवल पूर्व भाजपा सरकार की देन है। यूपीए सरकार ने महंगाई, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी को ही बढ़ावा दिया है और प्रदेश की अनदेखी की है। काग्रेस सरकार ने गैस सिलेंडरों में मिलने वाली सब्सिडी में भी काफी हेराफेरी की। अधिकतर उपभोक्ताओं के खातों में आज तक सब्सिडी नहीं पहुंच पाई है।
धूमल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के नाम पर बनाए जा रहे राशनकार्डो से भी लोगों को गुमराह किया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने बेरोजगारी भत्ते के नाम पर भी युवाओं को ठगा है। भाजपा किसी भी सरकार को नहीं तोड़ती है, लेकिन 16 मई के बाद भ्रष्ट सरकारें अपने आप गिर जाएंगी। अगर देश को महंगाई, भ्रष्टाचार से मुक्त करना है, तो इस देश को काग्रेस से मुक्त करवाना होगा।
धूमल ने कहा कि वह वीरभद्र सिंह की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। सरकार जितनी भी जाच करवाए, करवा सकती है, किसी ने रोका नहीं है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति खुद भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरा हो, उसे दूसरों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने का अधिकार नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी काग्रेस सरकारें बनी, तो हमेशा निचले क्षेत्र के लोगों के साथ भेदभाव की नीति अपनाई गई।