महाशिवरात्रि के लिए सजे शिवालय, सुरक्षा घेरा भी बढ़ा
जागरण संवाददाता, धर्मशाला : महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शिवालय सज चुके हैं। ऐसा पहली बार होगा जब कांगड़
जागरण संवाददाता, धर्मशाला : महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शिवालय सज चुके हैं। ऐसा पहली बार होगा जब कांगड़ा जिला के पड़ोसी राज्य पंजाब के साथ लगते काठगढ़ शिव मंदिर में तीसरी आंख का पहरा होगा। हालांकि शिव धाम बैजनाथ में पहले की भांति ही सुरक्षा जवान ही सुरक्षा का मोर्चा संभालते नजर आएंगे। हालांकि यहां पर सुरक्षा घेरा मजबूत अवश्य होगा और यहां पर राज्यस्तरीय शिवरात्रि महोत्सव का भी आयोजन होगा, जबकि डमटाल के काठगढ़ में जिलास्तरीय महोत्सव होगा। यहां पर तीसरी आंख का पहरा भी इस वर्ष से होगा। यहां पर नई सुविधा प्रशासन की ओर से पहली बार की गई है। पुलिस प्रशासन ने भी धर्मशाला मुख्यालय से विशेष टीमों को रवाना कर दिया है, जो यहां पर दोनों ही स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा देखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था प्रदान करेंगी।
महाशिवरात्रि पर्व पर छोटे-बड़े शिवालयों में खूब श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। इस मौके पर जहां भोले का प्रसाद घोटा बांटा जाता है, वहीं अधिकांश श्रद्धालु अपनी मनोकामना को लेकर उपवास रखते हैं।
एसडीएम नूरपुर आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि काठगढ़ के जिलास्तरीय मेले में इस बार सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। वहीं पॉलीथिन के प्रयोग पर भी पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे और एचआरटीसी भी यहां सेवाएं प्रदान करेगी।
पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी के मुताबिक महाशिवरात्रि पर्व पर हर शिवालय में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता होगी। इसके लिए सुरक्षा टीमों को भी बुधवार को रवाना कर दिया गया है।