अंधड़ का कहर; पेड़ उखडे़, छतें उड़ी
जागरण टीम, धर्मशाला/भरमाड़ : जिलेभर में शनिवार रात आए अंधड़ से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। जगह-जग
जागरण टीम, धर्मशाला/भरमाड़ : जिलेभर में शनिवार रात आए अंधड़ से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। जगह-जगह पेड़ उखड़ गए हैं तो मकानों की छतें भी उड़ गई हैं। चड़ी में मकान पर आम का पेड़ गिरने से दंपती को चोटें आई हैं। जवाली में पेड़ के नीचे दबने से भैंस को चोटें आई हैं। धर्मशाला के समीपवर्ती गांव चड़ी में प्रकाश चंद के स्लेटनुमा मकान पर आम का पेड़ गिर गया। हादसे में प्रकाश चंद व उनकी पत्नी कांता देवी को मामूली चोटें आई हैं जबकि मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं, भरमाड़ क्षेत्र की सिद्धपुरघाड़ पंचायत के वार्ड छह के बिल्ला सिंह पुत्र दीनानाथ के मकान पर पेड़ गिरने से कमरे में दरारें आ गई हैं। उपप्रधान सुरेश कुमार ने घटनास्थल का जायजा लेकर प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता मुहैया करवाने की प्रशासन से गुहार लगाई है। इसी वार्ड के कृपाल सिंह के मकान पर भी पेड़ गिरने से नुकसान हुआ है। उधर ग्राम पंचायत भरमाड़ के वार्ड दो के सुरिंद्र कुमार के मकान पर पेड़ की टहनियां गिरने से नुकसान हुआ है। साथ ही सुरिंद्र कुमार की मकान पर डाली गई चादरें भी उड़ गई हैं। वार्ड सदस्य हंसराज ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता मुहैया करवाने की प्रशासन से मांग की है।
..........................
खुंडियां में मकान पर गिरा पेड़
खुंडियां : खुंडियां में पेड़ ंिगरने से मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। खुंडियां के टियाला निवासी किशोरी लाल ने बताया कि वह रात को सोये थे कि मकान पर वट वृक्ष गिर गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में उनका मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। तहसीलदार खुंडियां जगदीश चंद ने बताया कि पटवारी को नुकसान का आकलन करने का आदेश दे दिया है। खुंडियां के चंगर क्षेत्र में बिजली गुल हो गई है।
........................
डमटाल में फैक्ट्री की छत उड़ी
डमटाल : डमटाल में अंधड़ से फैक्ट्री की छत उड़ गई है। फैक्ट्री मालिक जयदीप साहनी ने बताया कि इससे उन्हें 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि इस बाबत सूचना पुलिस को दे दी गई है।
.........................
फतेहपुर में तहसीलदार आवास पर गिरा पेड़ा
फतेहपुर : फतेहपुर में तहसीलदार आवास पर सफेदे का पेड़ गिर गया है। इसके अलावा पंजाब से तूड़ी बेचने आए लोगों ने बनाल में तूड़ी का ढेर लगाने के बाद खाना बनाने के लिए जैसे ही आग जलाई तो तूफान से चिंगारी तूड़ी पर जा गिरी और इससे यह जल गई। इसके अलावा जिन लोगों ने कटाई के बाद गेहूं के ढेर लगाए थे वह भी बारिश से खराब हो गए हैं। जिला परिषद सदस्य जगदेव सिंह व रीटा पठानिया ने प्रशासन से किसानों को मुआवजा देने की मांग की है।
..........................
जवाली स्कूल की छत उड़ी
जवाली : प्राथमिक पाठशाला जवाली के मुख्य द्वार की चारदीवारी गिर गई है। साथ ही राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जवाली के भवन पर डाली गई टीन भी उड़ गई है और इससे 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। प्रिंसिपल जोगिंद्र सिंह ने बताया कि छत उड़ने से 50 हजार का नुकसान हुआ है। इसके अलावा बढ़ेला में भी एक घर के बरामदे की छत उड़ गई।
.....................
नूरपुर में कच्चा मकान ढहा
नूरपुर : नूरपुर के वार्ड नौ में कच्चा मकान ढह गया है तो एक अन्य क्षतिग्रस्त हुआ है। कैलाश चंद पुत्र रणिया राम का मकान अंधड़ से ढह गया। उनका करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसी वार्ड में सोहन सिंह पुत्र पूर्ण चंद के मकान की छत भी उड़ गई है। उधर विधायक अजय महाजन ने भी शहरी काग्रेस अध्यक्ष हरनाम सिंह के साथ घटनास्थल का दौरा किया।