चरान में भूमिगत कूड़ेदान का विरोध
संवाद सहयोगी, धर्मशाला : सेंसरबेस भूमिगत कूड़ेदान के लिए नगर निगम के वार्ड नंबर 10 के चरान स्थित केदा
संवाद सहयोगी, धर्मशाला : सेंसरबेस भूमिगत कूड़ेदान के लिए नगर निगम के वार्ड नंबर 10 के चरान स्थित केदारनाथ शिव मंदिर के साथ खोदे गए गड्ढे को लेकर विरोध के स्वर उठने शुरू हो गए हैं। केदारनाथ शिव मंदिर की प्रबंध कमेटी की सचिव प्रतिभा शर्मा के मुताबिक यहां पूजा-अर्चना भंडारे का आयोजन होता है। जिस स्थान पर गड्ढा किया गया है, उस स्थान पर श्रद्धालु भंडारे का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसलिए स्थानीय जनप्रतिनिधि को चाहिए कि वह मंदिर से कम से कम पांच से 10 मीटर की दूरी पर भूमिगत कूड़ेदान स्थापित करवाएं, ताकि लोगों को कोई समस्या पेश न आए। उन्होंने भूमिगत कूड़ेदान के लिए स्थान बदलने की मांग की है। इसके लिए मंदिर कमेटी व स्थानीय बाशिंदे नगर निगम को जल्द मांगपत्र भी सौंपेगे। नगर निगम धर्मशाला के उप महापौर एवं वार्ड 10 के पार्षद देविंद्र जग्गी के मुताबिक नगर निगम में भूमिगत कूड़ेदान शहर के बाशिंदों की सुविधा के लिए स्थापित किए जा रहे हैं। जिस स्थान पर भूमिगत कूड़ेदान स्थापित किया जा रहा है, वह स्थान स्थानीय बाशिंदों ने ही सुझाया था। इस कूड़ेदान से किसी भी प्रकार का कूड़ा-कचरा बाहर नहीं फैलेगा। धर्मशाला नगर निगम के वार्ड 10 लोअर शामनगर में चिन्हित स्थान पर ही भूमिगत कूड़ेदान स्थापित किया जाए। स्थानीय बाशिंदों ने आयुक्त को लिखे पत्र में यह मांग की है। उन्होंने कहा है कि जिस स्थान को भूमिगत कूड़ेदान के लिए चुना गया है, वह सही है और कुछ लोग बिना वजह भूमिगत कूड़ेदान स्थापित न करने की बात कर रहे हैं।