चिलिंग ऑवर पूरे, सेब की बंपर पैदावार की उम्मीद
जागरण टीम, होली/भरमौर : जनजातीय क्षेत्र भरमौर में हुई भारी बर्फबारी से बागवानों के चेहरे खिल गए हैं।
जागरण टीम, होली/भरमौर : जनजातीय क्षेत्र भरमौर में हुई भारी बर्फबारी से बागवानों के चेहरे खिल गए हैं। बर्फबारी के बाद उन्हें इस वर्ष सेब की बंपर पैदावार होने की उम्मीद है। अब उन्हें उद्यान विभाग की ओर से दिए जाने वाले पौधों का इंतजार है। फल एवं सब्जी उत्पादक संघ भरमौर के प्रधान मोती राम शर्मा ने बताया कि इस वर्ष हुई भारी बर्फबारी से सेब के पौधों को आवश्यक चि¨लग ऑवर पूरे होंगे, इससे इस वर्ष सेब की खूब पैदावार होने की उम्मीद है।
उद्यान विभाग की ओर से दिए जाने वाले पौधे यदि जल्द उपलब्ध करवा दिए जाएं तो बागवानों को उन्हें लगाने के लिए उपयुक्त समय मिल पाएगा। वहीं फल-फूल उत्पादक संघ के सचिव सुरेश ठाकुर ने बागवानों को सेब के पौधों के साथ साथ नये पौधे जैसे अनार, जापानी फल आदि के नये पौधे लगाने की सलाह दी है।
उन्होंने कहा कि यदि बागवान सेब के पौधों के अतिरिक्त और पौधे भी लगाएंगे तो एक ही सीजन में ज्यादा फल होने से उनकी आय में वृद्धि होगी। इस संदर्भ में भरमौर उद्यान विभाग के विषय वस्तु विशेषज्ञ दौलत राम वर्मा ने बताया कि आगामी दो से तीन दिन के भीतर बागवान को नए पौधे दे दिए जाएंगे, ताकि समय रहते वह पौधे लगा सकें। विभाग की ओर से होली नर्सरी से आठ हजार जबकि कई अन्य नर्सरियों से अच्छी किस्म के दस हजार पौधे मंगवाए जाएंगे, इसमें सेब, आडू, खुमानी, अनार, अखरोट, बादाम, जापानी फल आदि के पौधे शामिल हैं। इन पौधों को लगाने का उपयुक्त समय नवंबर माह से मार्च माह तक होता है। इस निर्धारित समय में लगाने से पौधे अपनी समान्य अवस्था में रहते हैं और भविष्य में फल की अच्छी पैदावार देते हैं।