लकड़ी के दरवाजे ले जाते तीन लोग गिरफ्तार
संवाद सूत्र, मैहला : वन विभाग वृत्त बकाण की टीम ने रविवार देर रात एक गाड़ी में लकड़ी के दरवाजे व खिड़कि
संवाद सूत्र, मैहला : वन विभाग वृत्त बकाण की टीम ने रविवार देर रात एक गाड़ी में लकड़ी के दरवाजे व खिड़कियां ले जाते तीन लोगों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है। रविवार रात करीब दो बजे वन परिक्षेत्र अधिकारी बकाण अश्वनी की अगुवाई में अधिकारियों ने राख से मैहला तक नाका लगाया था। इस दौरान वे लगातार पेट्रो¨लग कर रहे थे। रात करीब दो बजे बोलैरो कैंपर (एचपी-73-3034) में अवैध रूप से लकड़ी के दरवाजे व खिड़कियां ले जाई जा रही थीं। वन विभाग के अधिकारियों ने शक के आधार पर गाड़ी का पीछा करना शुरू किया। चालक को पता चलने पर उसने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। अधिकारियों ने मैहला पुल के पास गाड़ी को पकड़ लिया। इसके बाद करीब आधे घंटे तक जदोजहद चलती रही। अवैध रूप से लकड़ी ले जाने वाले गाड़ी में सुरजीत निवासी धरबेटा, रवि कुमार निवासी भजलूं व कमल निवासी बकाण सवार थे। अधिकारियों ने तीनों को गिरफ्तार कर गाड़ी मालिक बालकृष्ण निवासी गांव हाट पंचायत बरेई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। समाचार लिखे जाने तक वन विभाग की टीम द्वारा पकड़े गए दरवाजों व खिड़कियों की अनुमानित राशि का पता नहीं चल पाया था। अधिकारियों ने गाड़ी को कब्जे में लेकर वनरक्षक के आवास परिसर राख में रखा गया है। उल्लेखनीय है कि जिला चंबा में कुछ माह पहले वन विभाग की एलमी व सीकरी बीट में पेड़ों के अवैध कटान का मामला सामने आया था। दोनों बीटों में सैकड़ों हरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी चली थी। इन मामलों में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन इसके बावजूद अवैध रूप से कटान हो रहा है।
वन अरण्यपाल डीआर कौशल का कहना है कि रविवार रात विभाग की टीम ने लकड़ी के दरवाजे व खिड़कियों को अवैध रूप से ले जा रही एक गाड़ी को पकड़ा था। टीम ने मौके पर तीन लोगों को गिरफ्तार कर गाड़ी के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों को वनमंडल की अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वन काटुओं को बख्शा नहीं जाएगा।