सैकड़ों भक्तों ने लिया भगवान परशुराम का आशीर्वाद
फोटो सहित--- ब्राह्मण प्रतिनिधि सभा ने परशुराम जयंती पर किया समारोह का आयोजन संवाद सहयोगी, चंबा
फोटो सहित---
ब्राह्मण प्रतिनिधि सभा ने परशुराम जयंती पर किया समारोह का आयोजन
संवाद सहयोगी, चंबा : भगवान परशुराम की जयंती पर ब्राह्मण प्रतिनिधि सभा चंबा ने सीता-राम मंदिर जनसाली में समारोह का आयोजन किया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम का आशीर्वाद लिया। ब्राह्मण प्रतिनिधि सभा ने रविवार सायं अखंड पाठ किया गया था।
सोमवार सुबह प्रभातफेरी निकाली गई और इसके बाद पुष्पराज शास्त्री व जगमोहन शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण कर ध्वजारोहण किया। सुबह दस बजे भगवान परशुराम की पूजा की गई और साढ़े दस बजे हवन किया गया। इसमें प्रधान विनय शर्मा सहित मंगलेश शर्मा, सुभाष जोशी, अजय पुरी, डॉ. सतीश शर्मा व धर्मवीर आदि ने आहुतियां डाली। विनय शर्मा ने बताया कि ब्राह्मण प्रतिनिधि सभा द्वारा हर वर्ष भगवान परशुराम की जयंती पर समारोह का आयोजन किया जाता है। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालु भगवान परशुराम के दरबार में हाजिरी लगाते हैं। शाम को महिला मंडल खरूड़ा व चौंतड़ा की सदस्यों ने भजन-कीर्तन किया। जिससे माहौल भक्तिमय हो गया। अंत में भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।