पांगी में पारा लुढ़कने से पाइपों में पानी जाम
संवाद सूत्र, पांगी : जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र पांगी में कड़ाके की ठंड के बीच लोग पेयजल किल्लत से
संवाद सूत्र, पांगी : जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र पांगी में कड़ाके की ठंड के बीच लोग पेयजल किल्लत से जूझने लगे हैं। हालात यह हैं कि पारा शून्य से भी नीचे लुढ़कने से पेयजल पाइप लाइन जाम हो गई हैं। ग्रामीणों को बर्फ पिघलाकर पानी का जुगाड़ करना पड़ रहा है। पांगी में पिछले कई दिन से रोजाना शाम को बर्फबारी हो रही है। बर्फीली हवाएं चलने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है।
पांगी घाटी लंबे समय तक बर्फ के आगोश में रहती है। इसके चलते लोगों को हर बार यहां परेशानी झेलनी पड़ती है। पिछले लंबे समय से यहां प्रतिदिन शाम को बर्फबारी का दौर जारी रहने से क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों की मानें तो यहां पर पेयजल पाइपों में पानी जाम हो गया है। प्राकृतिक जलस्रोत भी बर्फ के बीच दब गए है। इस स्थिति में उन्हें बर्फ को पिघलाकर पीने के पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है।