कार लुढ़कने से महिला की मौत, छह घायल
संवाद सहयोगी, चंबा : खजियार में बुधवार को एक कार के खाई में लुढ़कने से एक महिला की मौत हो गई है। जबक
संवाद सहयोगी, चंबा : खजियार में बुधवार को एक कार के खाई में लुढ़कने से एक महिला की मौत हो गई है। जबकि अन्य छह लोग घायल हो गए हैं। गंभीर रूप से घायल चार लोग क्षेत्रीय चिकित्सालय चंबा में उपचाराधीन हैं। जबकि आंशिक रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुंट्टी दे दी है। कार में सभी सवार आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। मृतका की पहचान कांता देवी पत्नी रसीला गांव मिहानी के रूप मे हुई है।
जानकारी के अनुसार, खजियार के पास एक गांव में शादी समारोह था। मिहानी गांव का एक परिवार रिश्तेदारों सहित गाड़ी नंबर एचपी 48-0717 में सवार होकर समारोह के लिए निकला। खजियार पहुंच कर लोग कुछ देर के लिए आराम करने रुक गए। आराम करने के बाद लोग आगे जाने के लिए गाड़ी में बैठ गए। चालक जब गाड़ी को पीछे करने लगा तो सड़क धंस गई और गाड़ी साथ लगती गहरी खाई में लुढ़क गई। उस समय गाड़ी में सात लोग बैठे हुए थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य करते हुए घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय चिकित्सालय चंबा लाया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही गंभीर रूप से घायल एक महिला ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस चंबा अस्पताल पहुंच गई थी। घायलों में योगराज पुत्र चौबिया गांव मिहानी, विशाल कुमार पुत्र जर्म सिंह गांव पंजियारा, मीना पत्नी राजकुमार गांव मिहानी, विक्की पुत्र रसीला गांव मिहानी व रतनी देवी पत्नी पृथ्वी सिंह गांव सिंगी व चाल जर्म सिंह शामिल है। पुलिस ने घायलों के बयान के आधार पर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है।