पद्मश्री विजय शर्मा ने किया मिंजर का बहिष्कार
जागरण संवाददाता, चंबा : मिंजर का आमंत्रण न मिलने से आहत पद्मश्री विजेता विजय शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की सांस्कृतिक संध्याओं के बहिष्कार का फैसला किया है। विजय शर्मा मिंजर मेले के दौरान सांस्कृतिक आयोजनों में हिस्सा नहीं लेंगे। चंबा जिला को अब तक तीन पद्मश्री पुरस्कार मिल चुके हैं जिनमें से एक विजय शर्मा के नाम है जो उन्हें चित्रकला में बेहतरीन योगदान के लिए मिला है। प्रशासन ने उनके योगदान को कोई तवज्जो नहीं दी। इससे पूर्व भी कई अहम मौकों पर विशेष पुरस्कार से सम्मानित चंबा के कलाकार तवज्जो न मिलने से आहत होते रहे हैं।
स्वतंत्रता व गणतंत्र दिवस के मौके पर भी विजय शर्मा को प्रशासन की ओर से अब तक कोई विशेष सत्कार नहीं मिल पाया है। विजय शर्मा ने पद्मश्री कैलाश चंद महाजन के बाद चंबा में पद्मश्री पुरस्कार के लंबे सूखे को तोड़ा था और जिस समय उन्हें यह पुरस्कार मिला उस दौरान यहां के बुद्धिजीवी वर्ग ने दिल खोलकर उनका स्वागत किया। समय के साथ उनके पुरस्कार की चमक धुंधली पड़ती जा रही है। विजय शर्मा को प्रशासन ने हालांकि कलाकारों की चयन समिति में जरूर जगह दी थी, लेकिन उनके कद को देखते हुए यह जगह काफी नहीं है। विजय शर्मा कला के क्षेत्र से जुड़े रहे हैं और मिंजर मंच पर उन्हें एक बार भी न बुलाया जाना कई सवाल खड़े कर रहा है।
विजय शर्मा ने साफ कर दिया है कि अभी तक उन्हें प्रशासन की तरफ से कोई न्यौता नहीं मिला है। जबकि मिंजर का आधे से ज्यादा समय गुजर चुका है। उन्हें उम्मीद थी कि मिंजर महोत्सव के दौरान प्रशासन उन्हें सांस्कृतिक संध्या में विशेष तवज्जो देगा। मगर ऐसा नहीं हो पाया है। ऐसे में उन्होंने इस बार मिंजर महोत्सव से खुद को अलग रखने का निर्णय लिया है।