चुवाड़ी के साहला नामक स्थान पर आल्टो लुढ़की
संवाद सूत्र, चंबा : चुवाड़ी-सिहुंता मार्ग पर साहला नामक स्थान के समीप एक मारूति आल्टो कार एचपी 57-2131 गहरी खाई में लुढ़क गई। जिसके चलते इसमे सवार चालक उधम सिंह पुत्र विशन दास निवासी पंजला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वाहन में मौजूद दूसरा सवार अंकुश पुत्र उधम सिंह उम्र 17 वर्ष गांव बथाऊं डाकघर पातका गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस पायलेट तरसेम कुमार व ईएमटी विरेंद्र सिंह घटना स्थल पर पहुंचे। जहां पर चालक उधम सिंह की मौत हो चुकी थी। जबकि उन्होंने तुरंत घायल अंकुश को एंबुलेंस में डालकर उपचार के लिए सिविल अस्पताल चुवाड़ी ले आए। जहां अंकुश को मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया। चुवाड़ी के चिकित्सक ने बताया कि अंकुश को इस हादसे में कई जगहों पर गंभीर चोटें आई हैं। जिसके चलते उसे टांडा रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।