तीसा के सनवाल में दो गुट आपस में भिड़े
संवाद सूत्र, तीसा : उपमंडल तीसा के सनवाल क्षेत्र में दो गुटों की खुनी झड़प के बाद दोनों ओर के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें उपचार के लिए स्थानीय चिकित्सालय में दाखिल करवाया गया है। झड़प को रोकने के लिए पुलिस मुख्यालय से पुलिस बल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार चुराह हलके के सनवाल क्षेत्र में सोमवार को ही किसी बात को लेकर काफी तनाव चल रहा था। जिसके बाद इसी दिन दोनों गुटों के बीच मामूली सी झड़प भी हुई थी। जिस पर एक गुट द्वारा दूसरे के खिलाफ एफआइआर भी दर्ज करवाई गई थी। मगर मंगलवार को इन लोगों का आपसी आक्रोश एक बार फिर फूट पड़ा। जिसके चलते सनवाल में कई लोग आपस में एक साथ भिड़ पड़े। जिस दौरान कई लोगों को चोटें आई हैं। उधर प्रशासन को इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मुख्यालय से सहायता मांगी गई। जिसके बाद मुख्यालय से पुलिस बल का दस्ता घटना स्थल पर तैनात कर दिया गया। जिसके बाद ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था स्थापित हो पाई। एसपी चंबा डीके चौधरी ने बताया कि दोनों ओर से क्रास एफआइआर दर्ज की जा चुकी है। जबकि मामले की जांच अभी चल रही है।