गैस सिलेंडर आपूर्ति करने वाली गाड़ी का घेराव
संवाद सहयोगी, गलोड़ : पिछले दो महीने से हमीरपुर जिला के अधिकांश क्षेत्रों में घरेलू रसोई गैस की किल्लत की वजह से लोग परेशान हैं। कारण चाहे जो भी हो मगर अब ग्रामीण गैस के लिए गैस एजेंसी के कर्मचारियों से भिड़ रहे हैं। गैस की किल्लत से परेशान अमरोह के बाशिंदों ने शनिवार को गैस सिलेंडर की आपूर्ति करने वाली गाड़ी का घेराव किया।
महिलाओं ने कहा कि शनिवार को तीन महीने के बाद गैस सिलेंडर की गाड़ी उनके गांव में आई थी। जब लोगों ने गैस भरवाने के लिए कापियां एजेंसी के कर्मचारी को दीं तो उसने सिलेंडर देने से मना कर दिया। उसका कहना था कि लोगों ने छह महीने से गैस नहीं भरवाई है। पिछले तीन महीने से गैस की गाड़ी उनके गांव की ओर नहीं आई तो इसमें ग्रामीणों का क्या कसूर है। इसी बात को लेकर ग्रामीणों ने गैस की गाड़ी का घेराव किया। कुछ लोगों के बीच बचाव करने पर लोगों ने गाड़ी को जाने दिया। ग्रामीणों ने कहा कि रसोई गैस की किल्लत की वजह से उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस संदर्भ में गैस एजेंसी मैहरे के संचालक रोशन लाल ने बताया कि सरकारी आदेश के अनुसार यदि कोई उपभोक्ता छह महीने से गैस सिलेंडर नहीं भरवाता है तो कंप्यूटर पर उसके कार्ड को उपभोक्ता के प्रार्थनापत्र पर दोबारा चालू किया जाता है। गैस की आपूर्ति करने वाली गाड़ी ही तीन व चार महीने के बाद आए तो इसमें उपभोक्ताओं का क्या कसूर है। वहीं, जिला खाद्य आपूर्ति विभाग के जिला अधिकारी प्रताप ठाकुर ने बताया कि ग्रामीण पिछले कई महीने से गैस नहीं भरवा रहे थे। अचानक जब गैस सिलेंडर सस्ते हुए तो मांग ज्यादा बढ़ गई जबकि आपूर्ति पहले की तरह ही रही। इसी वजह से समस्या आई है।