प्रदेश सरकार अब तक की सबसे नकारा सरकार : राम सिंह
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : हिमाचल प्रदेश राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महांसघ के पूर्व राज्य अध्यक्ष रा
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : हिमाचल प्रदेश राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महांसघ के पूर्व राज्य अध्यक्ष राम सिंह ने आरोप लगाया है कि हिमाचल सरकार अपने कर्मचारियों और पेंशनर्स के आर्थिक लाभों को देने और उनकी समस्याओं, कठिनाइयों तथा मांगों के समाधान कर पाने में पूर्णतया असफल रही है। पिछले तीन वर्षो में इन वर्गो को दिए जाने वाले चिकित्सा भत्ते को एक प्रकार से पूर्णतया बंद कर दिया गया है, जिस कारण कर्मचारियों और पेंशनर्स को भारी कठिनाई झेलनी पड़ रही है।
राम सिंह ने कहा कि पिछले तीन वर्षो में प्रदेश के सबसे बड़े वर्ग, जो सरकार की रीढ़ की हड्डी माने जाते हैं और जिनके प्रयास व प्रयत्नों से सरकार में बैठे नेता प्रदेश की विकास प्रगति की घोषणाएं करते नहीं थकते उसी वर्ग को उनके वास्तविक और अधिकारिक लाभों से वंचित कर उनका शोषण किया जा रहा है। दूसरी तरफ विधायकों, मंत्रियों और मुख्य संसदीय सचिवों तथा बोर्डो व निगमों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों के वेतन-भत्तों व अन्य लाभों पर दो सौ प्रतिशत तक वृद्धि कर प्रदेश के खजाने को खाली करने का अभियान चला कर आम जनता को मिलने वाले लाभों से वंचित किया जा रहा है। वीरभद्र सिंह के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार सबसे नकारा, असफल व भ्रष्ट सरकार है। प्रदेश में नैतिक मूल्यों, सिद्धांतों, परम्पराओं और नियम कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। राम सिंह ने मांग की है कि कर्मचारियों और पेंशनर्स के सभी आर्थिक लाभों को तुरंत दिया जाए। 4-9-14 वर्ष का सेवालाभ और चिकित्सा बिलों का भुगतान एक मुश्त में दिया जाए।