..यहां महिलाओं को झेलनी पड़ रही शर्मिदगी
संवाद सूत्र, घुमारवीं : नारी शक्ति को जहां प्रदेश सरकार द्वारा कई सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, वही
संवाद सूत्र, घुमारवीं : नारी शक्ति को जहां प्रदेश सरकार द्वारा कई सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, वहीं शर्मिदगी भी झेलनी पड़ रही है। ऐसी ही परेशानी घुमारवीं बस अड्डा में महिलाएं झेलने को मजबूर हैं। एक ओर जहां सरकार द्वारा पुरुषों के लिए शौचालय बनाया गया है, दूसरी ओर महिलाओं के लिए शौचालय निर्माण किया गया है। लेकिन महिलाओं को ठेकेदार की मनमानी का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं के लघुशंका जाने पर भी पांच से दस रुपये की अदायगी वहां पर कार्यरत कर्मचारी को करनी पड़ रही है। जबकि न ही सरकार और न ही हिमाचल पथ परिवहन निगम द्वारा इस तरह के कोई निर्देश जारी किए गए हैं। लेकिन उसके बावजूद ठेकेदार द्वारा तैनात यह कर्मचारी मनमानी कर रहा है। हालांकि महिलाएं भी मनमानी का विरोध करती हैं, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारी झगड़ा करने पर उतारू हो जाते हैं।
यात्री महिलाओं संतोष कुमारी, रंजना देवी, लता कुमारी, कांता देवी ने बताया कि सरकार व जिला प्रशासन को इस ओर उचित कदम उठाने चाहिए। उन्होंने परिवहन मंत्री जीएस बाली, जिलाधीश बिलासपुर मानसी सहाय ठाकुर से आग्रह किया है कि इस ओर उचित कदम उठाए जाएं। ताकि महिलाओं को समस्या न उठानी पड़े।
उधर, कर्मचारी अमर सिंह ने बताया कि ठेकेदार ने महिलाओं से पैसे लेने के आदेश दिए हैं। जबकि परिवहन विभाग की ओर से इस तरह के कोई भी निर्देश नहीं दिए गए हैं।
वहीं, हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक संतोष कुमार ने बताया कि ऐसा कोई भी आदेश सरकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार की मनमानी पर रोक लगाई जाएगी।