वार्ड पंच हत्या मामले में दो और गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : झंडूत्ता में वार्ड पंच की हत्या मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया ग
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : झंडूत्ता में वार्ड पंच की हत्या मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शक के आधार पर इनकी गिरफ्तारियां की हैं। दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज हुआ है। साथ ही इन्हें अदालत ने पुलिस रिमांड पर भेजा है। अब इस मामले में कुल तीन गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
पुलिस ने इस मामले में राजेश कुमार निवासी स्वारा डाकघर दधोल तहसील घुमारवीं व शशिकांत निवासी पलासरा डाकघर कपाहड़ा तहसील घुमारवीं को गिरफ्तार किया है। दोनों को बुधवार को बिलासपुर अदालत में पेश किया गया। जहां पर अदालत ने उन्हें सात मार्च तक रिमांड पर भेजा। इसके साथ ही पहले से गिरफ्तार नारायणदास का भी सात मार्च तक रिमांड बढ़ा है। अब पुलिस इन तीनों से हत्या के संबंध में पूछताछ करेगी जिसमें इस केस की असलियत सामने लाएगी।
गत 12 फरवरी को झंडूत्ता के ग्राम पंचायत बलघाड़ के वार्ड अमरोआ के वार्ड पंच सुभाष चंद का शव सड़क किनारे मिला था। मृतक इससे पूर्व रात्रि को एक शादी समारोह में शरीक होने गया था लेकिन वह रात को घर नहीं आया। परिजनों ने उसकी कई स्थानों पर तलाश की, पर कोई अता-पता नहीं चला। शव को देख लग रहा था कि सुभाष की निर्मम तरीके से हत्या की गई थी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस की जांच में दो सप्ताह तक किसी भी व्यक्ति की इस मामले में गिरफ्तारी नहीं हुई। पहली मार्च को पुलिस ने शादी वाले घर के नारायणदास को हिरासत में ले लिया था। उससे पूछताछ के दौरान पुलिस ने अहम जानकारियां हासिल की। अब इस मामले में दो लोगों को पकड़ा है। पकड़े गए दोनों आरोपी नारायण दास के संबंधी हैं। इनमें शशिकांत भांजा एवं राजेश कुमार दामाद है। मृतक इनमें घर विवाह समारोह में शरीक होने गया था।
उधर, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि मामला सुलझता नजर आ रहा है। हत्या के मामले में तीन लोगों की गिरफ्तारियां हुई हैं। पूछताछ में पता चलेगा कि हत्या किस वजह से हुई है और इसमें तीनों की भूमिका किस स्तर पर है। पुलिस जल्द इसका खुलासा करेगी।