विस्थापितों के हितों की हो रही अनदेखी
संवाद सहयोगी, बिलासपुर : फोरलेन विस्थापित एवं प्रभावित समिति ने सरकार पर विस्थापितों के हितों की अनद
संवाद सहयोगी, बिलासपुर : फोरलेन विस्थापित एवं प्रभावित समिति ने सरकार पर विस्थापितों के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया है। समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि अभी तक कंपनी की मनमानी पर अंकुश नहीं लग पाया है। विस्थापितों को जमीन का उचित मुआवजा नहीं मिल पाया है। इस कारण विस्थापित खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।
फोरलेन विस्थापित समिति की बैठक का आयोजन बिलासपुर के लक्ष्मी नारायण मंदिर में किया गया। इसकी अध्यक्षता राम सिंह ने की। उन्होंने कहा कि फोरलेन विस्थापितों के हितों की अनदेखी की जा रही है। फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान मशीनरी चालकों से आठ घंटे से ज्यादा काम लिया जा रहा है। इसके अलावा मजदूरों व कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए भी कोई खास इंतजाम नहीं हैं। विस्थापितों के साथ फोरलेन निर्माण में जुटे मजदूरों के हितों की भी अनदेखी की जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडगरी से आग्रह किया है कि आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित कदम उठाए जाएं ताकि लोगों को किसी समस्या का सामना न करना पड़े। बैठक में जगत राम शर्मा, रणवीर, बालक राम शर्मा आदि उपस्थित थे।