एक ही रात में टूटे सात घरों के ताले
-- आदर्श कॉलोनी घुमारवीं में घटना से सहमे लोग -- कुछ राशि सहित अन्य वस्तुएं चुरा ले गए चोर संवाद
-- आदर्श कॉलोनी घुमारवीं में घटना से सहमे लोग
-- कुछ राशि सहित अन्य वस्तुएं चुरा ले गए चोर
संवाद सूत्र, घुमारवीं : घुमारवीं थाना के अंतर्गत आदर्श कॉलोनी में एक ही रात में सात घरों में चोरी का प्रयास किया गया। हालांकि चोर इस दौरान ज्यादा राशि पर अपना हाथ साफ नहीं कर पाए लेकिन कॉलोनी में हुई इस घटना से लोग सहमे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार दीवाली के मौके पर इन सातों घरों में लोग अपने घर पर नहीं थे। चोरों ने देर रात इन घटनाओं को अंजाम दिया। आदर्श कॉलोनी निवासी ज्ञान चंद और उनके किरायेदार गायत्री देवी, प्रो. रामकृष्ण, दो किरायेदारों, टीचर हंसराज व एक अन्य किरायेदार के घर चोरी हुई। चोर इतने शातिर थे कि एक से एक घर के ताले तोड़ते गए। लेकिन किसी को भी पता नहीं चल पाया।
इस चोरी की वारदात में चोर करीब पांच हजार रुपये के अलावा अन्य वस्तुएं चुराने में सफल रहे लेकिन बड़ी राशि पर हाथ साफ नहीं कर पाए। बताया जा रहा है कि चोरों ने कई घरों में मेन गेट तोड़े तो कई घरों में दरवाजों की जालियां काटकर अंदर घुसे। सभी घरों में सामान बिखरा हुआ था। रात करीब दो बजे कॉलोनी में रह रही महिला नारदा देवी को कुछ आवाजें सुनाई दी। उन्होंने शोर मचाया तो चोर वहां से भाग निकले। सुबह घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सभी घरों का सामान बिखरा हुआ था। बहरहाल, पुलिस ने अभी तक कोई भी मामला दर्ज नहीं किया है।