कैदी व पुलिस कर्मियों पर तेजधार हथियार से हमला
संवाद सूत्र, स्वारघाट : निकटवर्ती मिस्सेवाल इलाके में कुछ लोगों ने सड़क पर तेजधार हथियार से एक कैदी व
संवाद सूत्र, स्वारघाट : निकटवर्ती मिस्सेवाल इलाके में कुछ लोगों ने सड़क पर तेजधार हथियार से एक कैदी व पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया। इससे कैदी व एक कास्टेबल घायल हो गए। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
हत्या के आरोप में गिरफ्तार अशोक कुमार को कोर्ट की अनुमति पर हेड कास्टेबल जसविंद्र सिंह, कास्टेबल पूर्ण चंद व जगदीश चंद रविवार को भाई की शादी के लिए उसके गांव बलौली ले जा रहे थे। मिस्सेवाल इलाके में बस से उतरने के बाद पुलिस कर्मियों ने एक टैक्सी में लिफ्ट ली। जब वे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बैहल के पास पहुंचे तो सड़क पर अज्ञात व्यक्तियों ने बाइक खड़ी की थी। बाइक को देखते ही चालक ने गाड़ी आहिस्ता कर ली। उस दौरान सड़क किनारे से तेजधार हथियारों से लैस 10 से अधिक युवकों ने अशोक पर हमला कर दिया। पुलिस कर्मियों ने बड़ी मुश्किल से अशोक को युवकों के चंगुल से छुड़ाया। हमले में अशोक व कास्टेबल जगदीश चंद को चोटें आई हैं। पुलिस कर्मियों ने वारदात की सूचना पुलिस थाना कोट में दी। थाना प्रभारी गुरदीप सिंह ढिल्लों की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आरोपी युवक फरार हो चुके थे। ये लोग कौन थे व कहां से आए थे, पुलिस इसका पता नहीं लगा पाई है। आरोपी पकड़ से दूर हैं। नयनादेवी के डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उनकी तलाश कई जगह की जा रही है। सोमवार को पुलिस थाना कोट के कर्मियों ने शक के आधार पर बैहल के एक दुकानदार को पूछताछ के लिए बुलाया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार व डीएसपी विनोद कुमार थाना कोट पहुंचे व मामले की जानकारी ली।