बिलासपुर शहर बने स्मार्ट सिटी : चंदेल
संवाद सूत्र, बिलासपुर : पूर्व सांसद एवं किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेश चंदेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बिलासपुर शहर को स्मार्ट सिटी बनाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर विस्थापितों का शहर है जिसे आधुनिक शहर की तर्ज पर बसाने की बात हुई थी। इस दिशा में अमल नहीं किया जा रहा है। शहर की मुसीबतें बढ़ती गई व विकास को तरसता रहा। बिलासपुर के लोगों ने भाखड़ा बांध को बनाने में भरपूर सहयोग दिया है। अपना सब कुछ न्योछावर करके भी लोगों को बहुत कम मुआवजा मिला है। जो सुविधाएं यहां के लोगों को मिलनी कें, वे नहीं मिल पाई है। उस समय लोग अपने हकों के प्रति जागरूक नही थे। इस कारण आज तक लोग विस्थापन का दर्द झेल रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया है कि देश में जो 100 स्मार्ट सिटी बनाने की बात हो रही है, उसमें बिलासपुर को भी शामिल किया जाए। उन्होंने मांग की है कि एम्स स्तर का चिकित्सा संस्थान भी बिलासपुर में खोला जाना चाहिए। एम्स संस्थान को खोलने के लिए कोठीपुरा में पर्याप्त भूमि है। सुरेश चंदेल ने प्रदेश सरकार से भी मांग की है कि बिलासपुर के बलिदान को देखते हुए इन मांगों को पूरा करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सांसदों व वरिष्ठ नेताओं के साथ मिल कर प्रधानमंत्री से बिलासपुर को स्मार्ट सिटी बनाने व बिलासपुर में एम्स स्तर का चिकित्सा संस्थान खोलने की मांग करेंगे।